उज्जैन, महाकाल की नगरी उज्जैन एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है। लोकमान्य तिलक महाआयोजन समिति के तत्वाधान में 23 अगस्त 2025, प्रातः 10 बजे चिमनगंज मंडी प्रांगण में 5000 नन्हें-मुन्ने बच्चे एक साथ अपने हाथों से मिट्टी के श्री गणेश जी का निर्माण करेंगे।
कार्यक्रम के सह संयोजक श्री जगदीश पांचाल ने बताया कि इससे पूर्व वर्ष 2020 में भी समिति के आव्हान पर 5000 विद्यार्थियों ने एक साथ श्री गणेश प्रतिमा बनाकर विश्व कीर्तिमान रचा था। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष पुनः भव्य आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान में मातृशक्ति संस्था ने विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर बच्चों का मार्गदर्शन करने का संकल्प लिया है। वहीं श्री शक्ति सेवा महिला संगठन की महिलाएं भी मंडी परिसर में सहयोग कर बच्चों का उत्साहवर्धन करेंगी।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय अग्रवाल, महापौर मुकेश टटवाल, निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, सांसद अनिल फिरोजिया सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
ऐतिहासिक आयोजन में मंडी व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल द्वारा प्रसाद स्वरूप पेड़े वितरित किए जाएंगे। वहीं सूयश सेवा संस्था के देवेंद्र पांचाल की ओर से बच्चों को डाबर एनर्जीक फ्रूट जूस उपलब्ध कराया जाएगा।
शहर के कारीगर इन दिनों मिट्टी के गोले तैयार कर रहे हैं ताकि कार्यक्रम के दिन 5000 गणेश प्रतिमाओं का सामूहिक निर्माण सुचारु रूप से हो सके।
नागरिकों की सहभागिता और नन्हें कलाकारों के हाथों से एक साथ होने वाले श्री गणेश निर्माण का यह दृश्य न केवल उज्जैन, बल्कि सम्पूर्ण प्रदेश के लिए गर्व का विषय बनेगा।