उज्जैन, गत सोमवार, 22 सितंबर से मध्यप्रदेश परिवहन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान यात्रियों की सुरक्षा की ओर केन्द्रित है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा भी परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में निर्देश दिये गये थे कि यात्री वाहनों में फर्स्ट ऐड बॉक्स की चेकिंग की जाये जिसके न होने से दुर्घटना के दौरान यात्रिओं को प्राथमिक उपचार तत्काल नहीं मिल पाता। अतः सुनिश्चित किया जाये कि यात्री वाहनों में आवश्यक रूप से फर्स्ट ऐड बॉक्स (First Aid Box) उपलब्ध रहे।
केन्द्रीय मोटरयान नियम, 1989 के प्रावधानों के अनुसार
फर्स्ट ऐड बॉक्स (First Aid Box) की उपलब्धता अनिवार्य है।
अभियान अंतर्गत गुरुवार, 25 सितंबर को 1,718 यात्री बसों की जांच की गयी जिसमें 700 से अधिक बसों में फर्स्ट ऐड बॉक्स की कमी पाये जाने पर चालानी कार्यवाही की गयी है। उपरोक्त के अतिरिक्त अन्य अपराधों में 16 बसें व 13 अन्य वाहन जब्त किये गये। समस्त यात्री बसों चालकों को फर्स्ट ऐड बॉक्स वाहनों में तत्त्काल सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी गयी है। भविष्य में इसकी चेकिंग लगातार की जायेगी एवं परमिट की शर्तों में भी इसकी अनिवार्यता को लेकर विशेष रूप से उल्लेख किया जायेगा।