उज्जैन,सिंहस्थ मेला अधिकारी सह संभागायुक्त श्री आशीष सिंह ने कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के साथ शुक्रवार दोपहर निरीक्षण कर देवास-बदनावर फोर लेन मार्ग के नजदीक सिंहस्थ 2028 के लिए बनाई जाने वाली वाहन पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन किया।
निरीक्षण के दौरान सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ 2028 के लिए पार्किंग स्थलों की कार्ययोजना में विशेष ध्यान दे कि ट्राफिक अवरुद्ध न हो इसके लिए पार्किंग स्थलों को जोडने वाले मार्गों पर व्यवस्थित वाहन टर्निंग की सुविधा और सर्विस लेन का चौड़ीकरण किया जाए। पार्किंग से श्रद्धालुओं का निर्गम इस प्रकार हो कि मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक अवरुद्ध न हो। पार्किंग में आधुनिक तकनीकों और एआई का उपयोग कर श्रद्धालुओं को पार्किंग की रीयल टाईम स्थिति से अवगत कराया जाए। पार्किंग स्थल से घाटों तक श्रद्धालुओं की सुगम पहुंच के लिए लोक परिवहन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। लेवल-01 और लेवल-02 पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन कर कार्ययोजना बनाए। सिंहस्थ 2028 के दौरान लेवल-01 पार्किंग सिंहस्थ मेला क्षेत्र में रहेगी। इसका उपयोग कम भीड़ वाले दिनों में किया जाएगा। लेवल-02 पार्किंग मेला क्षेत्र के 05 कि.मी. से अधिक परिधि में रहेंगी। इसका उपयोग भीड़ वाले दिनों में किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान यूडीए सीईओ श्री संदीप सोनी, नायब तहसीलदार श्री आलोक चौरे और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।