उज्जैन, पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा टिकट लेकर यात्रा करने
के लिए यात्रियों में जागरूकता बढ़ाने तथा ट्रेनों पर पत्थरबाजी एवं अन्य अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से मंडल स्तर पर “रेल के साथ खेल नहीं” एवं “मेरा टिकट मेरी शान” अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत दिनांक 06 फरवरी 2026 को रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म
संख्या 04 पर यात्रियों, बच्चों एवं आम नागरिकों को जागरूक करने हेतु नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
रेलवे सुरक्षा बल रतलाम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 250 से 300 बच्चे, शिक्षक एवं यात्री उपस्थित रहे। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से रेलगाड़ियों पर पत्थरबाजी न करने, अनाधिकृत रूप से रेलवे ट्रैक पार न करने, रेलवे लाइन पर पत्थर न रखने, वीडियो/रील न बनाने, टिकट लेकर यात्रा करने तथा रेलवन ऐप के उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी गई कि रेलगाड़ियों पर पत्थरबाजी करना, अनाधिकृत ट्रैक पार करना, रेलवे लाइन पर पत्थर रखना, वीडियो/रील बनाना तथा बिना टिकट यात्रा करना रेल अधिनियम की
विभिन्न धाराओं के अंतर्गत दंडनीय अपराध हैं, जिनमें जुर्माना एवं
कारावास का प्रावधान है।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को यह संदेश भी दिया गया कि टिकट लेकर यात्रा करना न केवल एक वैध दस्तावेज है, बल्कि यह रेल एवं देश के विकास में नागरिकों का एक महत्वपूर्ण योगदान भी है।
इसके साथ ही लोगों को यह भी बताया गया कि रेलवे एक राष्ट्रीय संपत्ति है और इसकी सुरक्षा करना तथा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का
कर्तव्य है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती हीना केवलरामानी, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री रामराज मीना सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, यात्री एवं बच्चे उपस्थित रहे।