उज्जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक रंजन के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस महिदपुर जेडेन लिंगजर्पा के पर्यवेक्षण में थाना महिदपुर पुलिस द्वारा शादी के नाम पर सुनियोजित रूप से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को उत्तरप्रदेश के आगरा से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
*🔹घटना का संक्षिप्त विवरण*–
दिनांक 11.12.2025 को फरियादी हर्षद मेहता पिता सुनील मेहता उम्र 32 वर्ष निवासी सौगानी कॉलोनी महिदपुर द्वारा थाना महिदपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिव्या गंधर्व, कृष्णकुमार उर्फ मुकेश, राधा उर्फ राजूबाई, मीना शर्मा एवं प्रियंका शर्मा द्वारा आपसी षड्यंत्र कर शादी कराने के बहाने उसके साथ धोखाधड़ी की गई।
आरोपियों ने प्रियंका शर्मा की झूठी शादी फरियादी से दिनांक 22.11.2025 को उज्जैन स्थित चिंतामण गणेश मंदिर में करवाई तथा इलाज एवं पारिवारिक जरूरतों के नाम पर फरियादी से अलग-अलग किस्तों में ₹1,80,000/- नगद एवं ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त किए।
शादी के बाद प्रियंका लगभग 9 दिन तक फरियादी के साथ रही, तत्पश्चात उसकी मां मीना शर्मा उसे अपने साथ ले गई, जिसके बाद दोनों द्वारा संपर्क समाप्त कर लिया गया।
प्राप्त दस्तावेजों, विवाह के फोटो, शपथ पत्र एवं ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के अवलोकन से प्रथम दृष्टया यह प्रमाणित हुआ कि आरोपियों द्वारा संगठित रूप से सुनियोजित धोखाधड़ी की गई है। जिस पर थाना महिदपुर में धारा 318(4), 61(2), 3(5) बी.एन.एस. के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
*🔹पुलिस की कार्यवाही*–
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी महिदपुर द्वारा एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम को तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश हेतु आगरा, उत्तरप्रदेश रवाना किया गया।
पुलिस टीम द्वारा आगरा पहुंचकर आरोपियों के बताए गए पते पर दबिश दी गई, जहां से आरोपी मीना शर्मा पति राहुल शर्मा निवासी आगरा को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के दौरान मीना शर्मा द्वारा अपनी पुत्री प्रियंका शर्मा पिता राहुल शर्मा उम्र 24 वर्ष निवासी आगरा की संलिप्तता स्वीकार की गई।
तत्पश्चात दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर थाना महिदपुर लाया गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। आज दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त कर आगे की विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
प्रकरण के अन्य आरोपी वर्तमान में किसी अन्य प्रकरण में सीहोर जिला जेल में निरुद्ध हैं, जिनकी गिरफ्तारी हेतु पृथक कार्यवाही की जा रही है।
*🔹 निष्कर्ष*
महिदपुर पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए संगठित विवाह ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी शीघ्र ही वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
*उज्जैन पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के विवाह प्रस्ताव अथवा आर्थिक लेन-देन से पूर्व पूर्ण सत्यापन अवश्य करें तथा संदेह की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को सूचित करें।