उज्जैन, जिला पुलिस अधीक्षक उज्जैन द्वारा जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं प्रदेश स्तर पर संचालित “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के अंतर्गत गुमशुदा एवं अपहृत बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी हेतु लगातार निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस खाचरौद श्रीमती आकांक्षा बेछोटे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भाटपचलाना निरीक्षक सतेन्द्र सिंह चौधरी एवं उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र में महिला संबंधी अपराधों एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सतत प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
*🔹घटना का विवरण एवं पुलिस कार्यवाही*-
इसी क्रम में थाना भाटपचलाना पर अपराध क्रमांक 179/2026 धारा 137(2) बी.एन.एस. के अंतर्गत दर्ज प्रकरण में अपहृत नाबालिग बालिका को जिला सवाई माधौपुर, राजस्थान से सकुशल दस्तयाब करने में पुलिस को सफलता प्राप्त हुई।
दिनांक 30.04.2026 को फरियादी द्वारा थाना भाटपचलाना पर उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना भाटपचलाना में अपराध क्रमांक 179/2026 धारा 137(2) बी.एन.एस. का पंजीबद्ध कर प्रकरण विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना प्रभारी भाटपचलाना द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा मुखबिर सूचना, तकनीकी साक्ष्य एवं सतत तलाश के आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुए नाबालिग बालिका की तलाश की गई। विवेचना के दौरान प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम द्वारा जिला सवाई माधौपुर, राजस्थान पहुँचकर बालिका को सकुशल दस्तयाब किया गया।
पूछताछ में ज्ञात हुआ कि बालिका अपने पिता द्वारा डांटने पर नाराज होकर ट्रेन से अकेले जिला सवाई माधौपुर, राजस्थान चली गई थी, जहाँ वह मजदूरी कार्य करने लगी थी। पुलिस द्वारा बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही उपरांत परिजनों के सुपुर्द किया गया। उक्त कार्यवाही से परिजनों द्वारा उज्जैन पुलिस एवं भाटपचलाना पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
*🔹सराहनीय भूमिका -*
उक्त सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी भाटपचलाना निरीक्षक सतेन्द्र सिंह चौधरी, सउनि राजीव सिंह चौहान, आरक्षक राजेश सोयल, आरक्षक जीवन जाट, आरक्षक मुकेश नागर एवं महिला आरक्षक मोनिका राव की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।