उज्जैन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पूर्व आलोक शर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक अनुभाग जीवाजीगंज श्रीमती पुष्पा प्रजापति के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना चिमनगंज मंडी पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान अवैध मादक पदार्थ गांजा की बड़ी खेप जप्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
*🔹घटना का विवरण*-
दिनांक 11.05.2026 को थाना चिमनगंज मंडी पुलिस टीम शासकीय वाहन से कानीपुरा रोड स्थित प्रतिक्षालय के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। वाहन चेकिंग के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्यवाही भी की जा रही थी। इसी दौरान आगर रोड की ओर से एक बजाज डिस्कवर मोटर सायकल क्रमांक MP39 ME 4036 पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। मोटर सायकल पर दोनों व्यक्तियों के बीच में एक सफेद रंग की प्लास्टिक की थैली रखी हुई थी। पुलिस को देखकर दोनों व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया, जिससे उन पर संदेह होने पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा गया।
पूछताछ में मोटर सायकल चालक ने अपना नाम सिकन्दर पिता शेरूखान उम्र 43 वर्ष निवासी दुर्गा कॉलोनी मकोड़िया आम नाका उज्जैन तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम सद्दाम पिता जुम्मा खां उम्र 35 वर्ष निवासी फातमा मस्जिद कॉलोनी आगर मालवा होना बताया।
*🔹बरामदगी*-
मोटर सायकल पर रखी सफेद रंग की प्लास्टिक की थैली की तलाशी लेने पर उसके अंदर भूरे रंग की टेप से पैक किए हुए कुल 09 पैकेट प्राप्त हुए। पैकेट खोलकर देखने पर उनमें सूखा हरा पत्तीनुमा पदार्थ मिला, जिसकी पहचान सूंघकर एवं देखकर अवैध मादक पदार्थ गांजा के रूप में की गई। वजन करने पर कुल 09 किलो 142 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90,000 रुपये होना पाई गई।
आरोपियों से उक्त मादक पदार्थ रखने एवं परिवहन करने के संबंध में वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु पूछा गया, किंतु वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
*🔹पुलिस कार्यवाही*-
आरोपीगण सिकन्दर एवं सद्दाम के कब्जे से कुल 09 किलो 142 ग्राम अवैध गांजा एवं परिवहन में प्रयुक्त बजाज डिस्कवर मोटर सायकल क्रमांक MP39 ME 4036 को नियमानुसार जप्त किया गया।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन भी जप्त किए गए। आरोपियों के विरुद्ध थाना चिमनगंज मंडी पर अपराध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
*🔹गिरफ्तार आरोपी*-
01. सिकन्दर पिता शेरूखान, उम्र 43 वर्ष, निवासी दुर्गा कॉलोनी मकोड़िया आम नाका उज्जैन।
02. सद्दाम पिता जुम्मा खां, उम्र 35 वर्ष, निवासी फातमा मस्जिद कॉलोनी आगर मालवा।
*🔹सराहनीय भूमिका*-
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी चिमनगंज मंडी निरीक्षक विवेक कनोडिया ,सहायक उप निरीक्षक दिनेश सरोठिया, आरक्षक मनोज मोहवे, आरक्षक सर्वेश एवं आरक्षक चालक सुनील निहाले की सराहनीय भूमिका रही।