उज्जैन, शनिचरी अमावस्या के अवसर पर शनि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था हेतु उज्जैन पुलिस का बल सतत ड्यूटीरत रहा। ड्यूटी के दौरान पुलिस द्वारा संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए एक बिछड़े हुए बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया, साथ ही एक दिव्यांग श्रद्धालु को सहज एवं सुगमतापूर्वक दर्शन कराए गए।
▪️बालक अंश पिता सुनील राजपूत, उम्र 04 वर्ष, निवासी ग्राम रुथ्यायी, जिला गुना शनि मंदिर दर्शन के दौरान अपने परिवार से बिछड़ गया था। ड्यूटी पर तैनात नगर सैनिक रवि कुमार को उक्त बालक मंदिर के मेन गेट के पास अकेली अवस्था में मिला। तत्परता दिखाते हुए नगर सैनिक द्वारा बालक को तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम, शनि मंदिर लाया गया।कंट्रोल रूम से आवश्यक प्रसारण (अनाउंसमेंट) कराए जाने के उपरांत लगभग 30 मिनट के भीतर बालक के परिजनों की तलाश कर उसे सकुशल उनके सुपुर्द किया गया। बालक के परिजनों ने उज्जैन पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
▪️साथ ही दर्शन हेतु आए आगर जिले के निवासी एक पैर से दिव्यांग श्रद्धालु को पुलिस एवं ड्यूटी स्टाफ द्वारा विशेष सहयोग प्रदान करते हुए सहजता एवं सुगमतापूर्वक शनि मंदिर में दर्शन कराए गए। उज्जैन पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों की सुविधा हेतु निरंतर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
▪️*उज्जैन पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सेवा हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।