कलेक्टर श्री सिंह द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई

उज्जैन, कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभा कक्ष में विभिन्न मामलों मे जनसुनवाई करते हुए प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने का निर्देश दिए गए।
उज्‍जैन निवासी श्रीमती पूजा सोनवने ने आवेदन दिया की वे 50 प्रतिशत दिव्‍यांग है और कुछ समय से अत्यधिक तनाव होने के कारण उनकी मानसिक स्थिति काफी प्रभावित हुई है । उनके पति भी पैर से दिव्‍यांग है और उन्होंने ऑटो रिक्शा चलाने के लिए ऋण लिया था । कुछ समय से आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे समय पर अपनी किस्त जमा नहीं कर पा रहे है। अत: उन्‍हें शासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की जाए । कलेक्टर श्री सिंह ने इस पर श्रम विभाग और सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को बुलाया और प्रार्थिया और उनके पति को नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए । प्रार्थिया ने कलेक्‍टर श्री सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया ।
उज्‍जैन निवासी श्री राजकुमुद ने आवेदन दिया की वे शासकीय कन्‍या स्नातकोत्तर महाविद्यालय से भृत्‍य के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं परंतु उन्‍हें जीपीएफ फाइनल की राशि का भुगतान आज दिनांक तक नहीं किया गया है । इस पर उच्‍च शिक्षा विभाग के प्रभारी अधिकारी को प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए ।
खाचरौद के ग्राम भीकमपुर निवासी श्री चंदरसिंह ने आवेदन दिया की गांव में स्थित उनके स्‍वामित्‍व की कृषि भुमि पर आवागमन के मार्ग पर कुछ लोगों के द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है। इस वजह से उन्‍हें कृषि कार्य में बहुत कठिनाई हो रही है। उन्‍होंने इस संबंध में जब अनावेदक से बात की तब उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया । इस पर कलेक्टर ने एसडीएम खाचरौद को स्थल निरीक्षण कर आवश्‍यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए ।
खाचरौद के ग्राम कंचनखेड़ी निवासी श्रीमती पवनबाई ने आवेदन दिया की गांव में स्थित उनके मकान के पास रहने वाले कुछ लोगों के द्वारा अवैध कब्जा करने की मंशा से उनके मकान की एक तरफ की दीवार और टिनशेड तोड़ दिया गया है तथा प्रार्थिया और उनके पति के साथ मारपीट की गई है । इस पर एसडीएम खाचरौद को मामले की जांच कर आवश्‍यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए ।
खाचरौद के ग्राम नंदियासी में रहने वाले अर्जुन सिंह चावड़ा ने आवेदन दिया कि गांव चंदवासला के पंचायत सचिव के द्वारा पंचायत के विकास के लिए किए जाने वाले कार्यों में अनियमितता बरती जा रही है। इस पर सीईओ जनपद पंचायत खाचरौद को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उज्‍जैन निवासी हरीश चंद्र ने आवेदन दिया कि उनके भतीजे के द्वारा उनके मकान पर बल पूर्वक कब्जा कर लिया गया है तथा उन्‍हें घर से निकालने का प्रयास किया जा रहा है। इस पर नगर निगम के झोनल अधिकारी को जांच कर आवश्‍यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए ।
इसी प्रकार सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट, एडीएम श्री अत्येंद्र सिंह गुर्जर एवं अन्य अधिकारीयों द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई ।