दो दिवसीय कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर का हुआ समापन, विधायक प्रियव्रत सिंह ने गिनाई पंडित नेहरू से मनमोहन सिंह तक की उपलब्धियां

उज्जैन,जिला कांग्रेस कमेटी के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर आजादी के बाद भारत के विकास और ‘भारत गौरव यात्रा’ पर प्रमुखता से चर्चा की गई। विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने कहा कि 1947 में आजादी के बाद कांग्रेस ने देश की बागडोर संभाली और बड़े बांध, आईआईटी, इसरो, परमाणु अनुसंधान केंद्र और मेडिकल कॉलेज बनाकर आधुनिक भारत की नींव रखी। पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक, कांग्रेस के सभी प्रधानमंत्रियों ने देश के विकास में अहम योगदान दिया। उन्होंने 70 साल की इस गौरव यात्रा में बांग्लादेश के निर्माण जैसे ऐतिहासिक कदमों का भी विशेष रूप से उल्लेख किया।
निजी रिसॉर्ट में आयोजित शिविर के दूसरे दिन प्रदेश प्रभारी महेंद्र जोशी ने मंडल अध्यक्षों को क्षेत्र में ‘ग्राम देवता’ की तरह काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष नागरिकों की व्यक्तिगत और क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण कर अपनी अहम पहचान बनाएं। उन्हें संगठन के प्रति जवाबदार रहते हुए क्षेत्र की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखनी चाहिए।
मतदाता सूची और सोशल मीडिया पर भी हुआ मंथन
नेता प्रतिपक्ष डॉ. रवि राय के अनुसार शिविर के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी अपने निर्धारित विषयों पर मार्गदर्शन दिया। प्रदेश कांग्रेस आईटी सेल प्रभारी चंचलेश व्यास ने सोशल मीडिया की वर्तमान आवश्यकता और इसके माध्यम से जनता के मुद्दों को उठाने पर जोर दिया। मतदाता सूची के प्रदेश प्रभारी ललित सेन ने बूथ स्तर पर बीएल-1 व बीएल-2 की भूमिका समझाते हुए मतदाता सूची की विसंगतियों को दूर करने की जानकारी दी। इसी तरह कनेक्टिविटी के प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने ब्लॉक, शहर और जिला अध्यक्षों के कार्यों से प्रदेश कार्यालय को नियमित रूप से अवगत कराने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व द्वितीय दिवस के सत्र की शुरुआत प्रातः काल पार्टी के ध्वजारोहण और सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के गायन के साथ हुई, जिसमें सभी पदाधिकारियों व प्रशिक्षणार्थियों ने हिस्सा लिया। इसके पश्चात महात्मा गांधी और भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन किया गया। शिविर का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके पश्चात सभी 275 प्रशिक्षणार्थियों को संगठन की ओर से प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अंत में जिला अध्यक्ष महेश परमार और शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी ने आभार माना।