उज्जैन,श्रावण माह में निकलने वाली बाबा महाकाल की प्रथम सवारी को लेकर नगर पालिक निगम उज्जैन द्वारा सवारी मार्ग पर तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं। सवारी मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही अब मार्ग के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर संपूर्ण सवारी मार्ग को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं*
*सवारी मार्ग पर हरसिद्धि पाल से रामघाट तथा सत्यनारायण मंदिर से छत्री चौक तक चौड़ीकरण कार्य के साथ-साथ सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से जारी है। रामानुज कोट से रामघाट मार्ग तक प्रभावित भवनों पर ग्रीन नेट लगाए जा रहे हैं। वहीं रिटेनिंग वॉल एवं मार्ग की दीवारों पर सिंहस्थ महापर्व, साधु-संतों तथा धार्मिक स्थलों पर आधारित आकर्षक वॉल पेंटिंग बनाई जा रही है। वॉल पेंटिंग के माध्यम से सवारी मार्ग को धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप देने के साथ ही मार्ग की सुंदरता को भी बढ़ाया जा रहा है*

*सवारी मार्ग पर सफाई एवं मूलभूत व्यवस्थाओं पर विशेष जोर*
*बाबा महाकाल की सवारी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए नगर निगम द्वारा मार्ग की स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सवारी मार्ग पर सीमेंट-कंक्रीट सड़क एवं चैंबर निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। रामघाट स्थित राणोजी की छत्री पर डोम लगाने, पेयजल व्यवस्था, घाटों पर सूचना संकेतक लगाने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, इसके साथ ही संपूर्ण सवारी मार्ग की विशेष सफाई, नालियों एवं चैंबरों की सफाई तथा फायर फाइटर के माध्यम से घाटों की धुलाई का कार्य भी किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए मार्ग से अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही भी निरंतर जारी है*
*नवनिर्मित 15 मीटर चौड़े मार्ग से निकलेगी बाबा महाकाल की प्रथम सवारी*
*सत्यनारायण मंदिर से छत्रीचौक तक 15 मीटर चौड़े एवं लगभग 425 मीटर लंबे नवनिर्मित मार्ग का चौड़ीकरण कार्य अंतिम चरण में है। वर्तमान में प्रभावित भवनों पर ग्रीन नेट लगाने, कमरी मार्ग चौराहे पर कोबल स्टोन की फिनिशिंग, चैंबरों को ढकने तथा पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य किया जा रहा है, कार्य पूर्ण होने के बाद श्रावण माह में निकलने वाली बाबा महाकाल की प्रथम सवारी इसी नवनिर्मित मार्ग से होकर निकलेगी। मार्ग के चौड़ीकरण से सवारी के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए अधिक सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा*
*नगर पालिक निगम उज्जैन द्वारा बाबा महाकाल की सवारी को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने के साथ ही श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आकर्षक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है!
