हरिफाटक समानांतर ब्रिज और अंडरपास निर्माण कार्य में तेजी लाएं- संभागायुक्त श्री सिंह

उज्जैन, सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियों के अंतर्गत शहर में किए जा रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का रविवार को संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने एमपीआरडीसी एवं पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री आशीष सिंह ने हरिफाटक ओवर ब्रिज के समानांतर निर्माणाधीन ब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बडऩगर रोड की ओर से निर्माण किए जाने वाले रैंप का कार्य अविलंब प्रारंभ करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि ब्रिज की भुजाओं के निर्माण में बाधक संरचनाओं को चिन्हित कर उन्हें हटाने की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण की जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए और कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके। इसके पश्चात संभागायुक्त श्री सिंह एवं कलेक्टर श्री सिंह ने हरिफाटक ब्रिज के समीप पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्माणाधीन अंडरपास निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंडरपास का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए कार्य की गति बढ़ाई जाए। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। संभागायुक्त श्री सिंह ने कहा कि हरिफाटक समानांतर ब्रिज एवं अंडरपास निर्माण कार्य सिंहस्थ-2028 की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। सिंहस्थ महापर्व के दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालु उज्जैन पहुंचेंगे, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव रहेगा। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से प्रमुख मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा तथा श्रद्धालुओं और आम नागरिकों का आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा।