उज्जैन, पुलिस अधीक्षक उज्जैन के निर्देशन में नवरात्रि पर्व के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से उज्जैन पुलिस द्वारा विशेष पहल करते हुए *‘शक्ति स्क्वॉड’ का शुभारंभ किया गया ।
शक्ति स्क्वॉड के अंतर्गत जिले में थाना-वार पुलिस टीमों की तैनाती की जाकर इसके लिए चार पहिया वाहनों से संचालित शक्ति मोबाइल एवं दोपहिया वाहनों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त, 13 एफआरवी में भी महिला अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
शक्ति स्क्वॉड के कुल 13 दल निर्धारित ड्यूटी समय के अनुसार सक्रिय रहकर अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग एवं निगरानी करेंगे। ये दल महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के साथ-साथ असामाजिक तत्वों, संदिग्ध गतिविधियों तथा महिलाओं को परेशान करने वाले व्यक्तियों पर विशेष नजर रखेंगे।
गरबा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी –
नवरात्रि पर्व के दौरान गरबा पंडालों, धार्मिक स्थलों, बाजारों एवं अन्य प्रमुख आयोजन स्थलों पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष पुलिस व्यवस्था की गई है। गरबा आयोजनों के दौरान सादे वस्त्रों में भी पुलिसकर्मियों द्वारा पेट्रोलिंग एवं निगरानी की जाएगी, जिससे भीड़भाड़ के बीच होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, छेड़छाड़ एवं अभद्र व्यवहार जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम की जा सके।
महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान उज्जैन पुलिस की प्राथमिकता-
उज्जैन पुलिस का उद्देश्य नवरात्रि पर्व के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें निर्भीक होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में सहभागिता करने के लिए सुरक्षा का भरोसा दिलाना है। शक्ति स्क्वॉड के माध्यम से पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जाएगी।
