उज्जैन, उज्जैन जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री गुरुप्रसाद पाराशर एवं डीएसपी श्री भारत सिंह यादव के मार्गदर्शन में थाना घट्टिया पुलिस द्वारा वाहन चोरी के प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विशाल पंवार निवासी खेरखेड़ी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की कुल 05 मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता प्राप्त की गई है।
🔴 *घटना का विवरण एवं पुलिस कार्यवाही*—
दिनांक 09.10.2026 को फरियादी चंदन निवासी गांधी नगर, उज्जैन द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP 13 DN 0171 लवखेड़ी स्थित हनुमान मंदिर, थाना घट्टिया क्षेत्र के पास से अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट पर थाना घट्टिया पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक करण खोवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी विशाल पंवार निवासी खेरखेड़ी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
🔴 *पूछताछ में अन्य वाहन चोरियों का खुलासा, कुल 05 मोटरसाइकिलें बरामद*—
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ एवं अग्रिम विवेचना के दौरान अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में भी उसकी संलिप्तता सामने आई। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर उसके कब्जे से कुल 05 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनमें 01 रॉयल एनफील्ड बुलेट, 03 एचएफ डीलक्स एवं 01 सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल शामिल हैं। प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
🔴 *सराहनीय भूमिका*-
थाना प्रभारी श्री करण खोवाल के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक गौरीशंकर काकोड़िया, प्रधान आरक्षक राजेंद्र राठौड़, प्रधान आरक्षक वीरपाल सिंह, आरक्षक कमल मालवीय, आरक्षक तहसीलदार, आरक्षक बद्रीलाल मालवीय, सैनिक आत्माराम मालवीय एवं सैनिक कमल की सराहनीय भूमिका रही।