उज्जैन, दिनांक 21.10.2026 को पुलिस लाइन, उज्जैन में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस परंपरानुसार परेड का आयोजन कर अमर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए तथा राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान का स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ जी, मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओम जैन जी, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जगदीश अग्रवाल जी एवं भाजपा नगर अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल जी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त संभागायुक्त श्री आशीष सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री राकेश गुप्ता, पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री नवनीत भसीन, कलेक्टर श्री रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक उज्जैन श्री प्रदीप शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
परेड के उपरांत उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा शहीद पुलिसकर्मियों को सलामी अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। इस अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना गया तथा उनके प्रति सम्मान, संवेदना एवं सहयोग की भावना व्यक्त की गई।
पुलिस स्मृति दिवस हमें उन वीर पुलिसकर्मियों के त्याग, साहस और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा तथा राष्ट्रसेवा के मार्ग पर निष्ठा एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।
