उज्जैन, उज्जैन जिले में धोखाधड़ी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ हेतु पुलिस अधीक्षक उज्जैन श्री प्रदीप कुमार शर्मा द्वारा प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री करणदीप सिंह (भा.पु.से.) एवं नगर पुलिस अधीक्षक नागदा श्री कमल निगवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नागदा निरीक्षक अमृतलाल गवरी के नेतृत्व में नागदा पुलिस द्वारा धोखाधड़ी के प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
🔹 *घटना का विवरण* –
फरियादी किशन सिंह गुर्जर उम्र 58 वर्ष, निवासी ग्राम चंदोड़िया, थाना खाचरौद द्वारा थाना नागदा पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि एक व्यक्ति ने मोबाइल फोन पर संपर्क कर अपना नाम राहुल प्रजापत बताया तथा स्वयं को उज्जैन-जावरा फोरलेन रोड पर कार्य करने वाला बताया।
आरोपी ने फरियादी को झांसा दिया कि चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) में खुदाई के दौरान उसे सोने का हार एवं बड़ी मात्रा में सोने के मोती प्राप्त हुए हैं। फरियादी का विश्वास जीतने के उद्देश्य से आरोपी ने पहले उसे सोने के दो मोती दिए, जिन्हें सुनार से जांच कराने पर असली पाया गया।
इसके बाद आरोपी ने करीब एक किलो सोने के मोती एवं हार होने का लालच देकर फरियादी से उसके घर के सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी प्राप्त कर ली तथा बदले में नकली सोने के मोती एवं हार दे दिए। फरियादी द्वारा उक्त मोती एवं हार सुनार को दिखाने पर उनके नकली होने की जानकारी मिली। इसके बाद आरोपी का मोबाइल बंद मिला।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना नागदा में अपराध क्रमांक 597/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
ठगी में ले जाए गए सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी का विवरण
– चांदी के 02 कंदोरे – लगभग 02 किलोग्राम।
– चांदी की 01 जोड़ी कड़ी – लगभग 01 किलोग्राम।
– चांदी के आंवले – लगभग 500 ग्राम।
– सोने की मुर्की – लगभग 20 ग्राम।
– नगद राशि – ₹5,000/-।
🔹*पुलिस कार्यवाही एवं गिरफ्तारी*-
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना नागदा पुलिस द्वारा तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बबलू पिता हरिलाल राठौड़, उम्र 37 वर्ष, निवासी गांधीनगर, भोपाल को गिरफ्तार किया। *आरोपी के कब्जे से लगभग 500 ग्राम वजन की सोने जैसी धातु के मोतियों की माला बरामद की गई।*
पूछताछ एवं विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस टीम द्वारा आरोपी की निशानदेही पर महिला आरोपी रत्ना पति राजू सिलावट, उम्र 45 वर्ष, निवासी शिव कॉलोनी, नागदा के घर दबिश दी गई, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया। *महिला आरोपी के कब्जे से लगभग एक किलोग्राम वजन का चांदी जैसा कंदोरा (कमरबंध) बरामद किया गया।*
प्रकरण में अन्य संबंधित आरोपियों की भूमिका एवं शेष संपत्ति की बरामदगी के संबंध में विवेचना जारी है।
🔹*गिरफ्तार आरोपियों का विवरण*-
1.बबलू पिता हरिलाल राठौड़, उम्र 37 वर्ष, निवासी गांधीनगर, भोपाल।
2.रत्ना पति राजू सिलावट, उम्र 45 वर्ष, निवासी शिव कॉलोनी, नागदा।
🔹*सराहनीय भूमिका*-
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी नागदा निरीक्षक अमृत लाल गवरी, प्रआर. 813 रितेश बोरिया,आर. 921 कृष्णा बैरागी,आर. 1265 अजय चौहान,आर. 2049 कौशल यादव,म.आर. 1647 ज्योति वर्मा,म.आर. 2013 सुमन कटारा
उज्जैन पुलिस आमजन से अपील करती है कि कम कीमत में सोना मिलने, खुदाई में खजाना मिलने अथवा अन्य किसी लालच के माध्यम से किए जाने वाले संदिग्ध सौदों से सतर्क रहें। किसी भी कीमती धातु या आभूषण की खरीद-बिक्री से पहले उसकी विश्वसनीय विशेषज्ञ से जांच अवश्य कराएं तथा धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।