उज्जैन, इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आई.डी.ए.) की उज्जैन शाखा द्वारा डेंटल इंप्लांट विषय पर एक शैक्षणिक व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. प्रज्ञा पांडे ने डेंटल इंप्लांट की नवीनतम तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की और उपस्थित चिकित्सकों को अद्यतन जानकारी प्रदान की।
अपने व्याख्यान में डॉ. पांडे ने बताया कि आधुनिक डेंटल इंप्लांट तकनीक उन मरीजों के लिए एक स्थायी समाधान प्रदान करती है, जिन्होंने किसी कारणवश अपने प्राकृतिक दांत खो दिए हैं। उन्होंने इंप्लांट की प्रक्रिया, सामग्री और दीर्घकालिक सफलता दर पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के आरंभ में आई.डी.ए. उज्जैन के अध्यक्ष डॉ. इमित पाल सलूजा ने बताया कि डेंटल इंप्लांट आज के समय में एक सुरक्षित, प्रभावी और स्थायी विकल्प के रूप में व्यापक रूप से अपनाया जा रहा है। ऐसे कार्यक्रमों से चिकित्सकों को नई तकनीकों की जानकारी मिलती है, जिससे वे अपने मरीजों को बेहतर सेवाएं दे सकें।
इस अवसर पर शहर के अनेक प्रतिष्ठित दंत चिकित्सकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें डॉ. नितिन जैन, डॉ. अंकित बाबर, डॉ. नमीता अग्रवाल, डॉ. निशिता सिलवाडिया, डॉ. प्रीति सिंह, डॉ. शुभा अरोरा, डॉ. तन्वी तिवारी, डॉ. आदित्यवर्धन पाटीदार एवं डॉ. अनिमेष पंडित प्रमुख रूप से शामिल थे। कार्यक्रम का समन्वय एवं संपूर्ण जानकारी का संचालन डॉ. आदित्य सिंह गौड़ द्वारा किया गया।