उज्जैन, जिले में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास व उमंग के साथ शु्क्रवार को मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंच कर ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ। कलेक्टर श्री सिंह के द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया । इसके उपरांत राष्ट्रगान और हर्ष फायर हुआ। तत्पश्चात परेड दलों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया गया। परेड दल का नेतृत्व परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री रणजीत सिंह ने किया। मार्च पास्ट उपरांत कलेक्टर श्री सिंह ने परेड दल नायकों से परिचय भी प्राप्त किया ।
परेड में 32 वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल पुरुष प्लाटून , जिला पुलिस बल महिला प्लाटून और जिला होमगार्ड प्लाटून,भारतीय ज्ञानपीठ स्कूल,विजय राजे गर्ल्स स्कूल सब्जी मंडी,10 एमपी बटालीयन एनसीसी दशहरा मैदान गर्ल्स स्कूल , 02 एमपीआरटी बेट्री एनसीसी बटालियन शासकीय उ.मा.वि माधवनगर ,01 एमपी नेवल एनसीसी शासकीय उ.मा.वि माधवनगर,विजय राजे एनएसएस स्कूल, शौर्य दल,स्काउड गाईउ शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय माधवनगर,एनआरएस और 32 वाहिनी बैंड दल द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया।
कलेक्टर श्री सिंह ने परेड की सलामी ली और आनंद, उल्लास के प्रतीक रंगीन गुब्बारे हवा में मुक्त विचरण के लिए छोड़े।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के भोपाल में आयोजित स्वतंत्रता दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश वासियों को दिए संदेश का लाईव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ यादव के संदेश वाचन के पश्चात बधाई संदेश देते हुए कहा कि आनंद और उमंग के इस अवसर पर हम सभी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संबोधन सुना। प्रदेश की प्रगति और जन-कल्याण पर मुख्यमंत्री डॉ यादव की दूरदर्शिता और ओजस्वी वक्तव्य ने निश्चित ही हम सबमें उल्लास का संचार कर दिया है।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकसित मध्यप्रदेश का लक्ष्य साकार करने के लिए विकसित जिले की संकल्पना और योजना के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। हमारे जिले की अपनी क्षमताएं, आकांक्षाएं, अवसर और चुनौतियां हैं। यही हमारे जिले को विशेष बनाती हैं। बाबा महाकाल की कृपा से उज्जैन प्रगति के पथ पर है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में उज्जैन जिले को 3 से 10 लाख जनसंख्या श्रेणी में सुपर स्वच्छता लीग का प्रथम पुरस्कार मिला है। कपिला गौशाला में 1200 गौवंश के संरक्षण के लिए प्रदेश स्तर पर दूसरा पुरस्कार माननीय मुख्यमंत्री महोदय के करकमलों से प्रदान किया गया। उज्जैन को जल गंगा संवर्धन अभियान 2025 में प्रदेश में चौथा स्थान मिला है।
सिंहस्थ 2028 के लिए मध्य प्रदेश सरकार द्वारा उज्जैन जिले में श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन हेतु आधुनिक सुविधाओं को विकसित कर रही है। क्षिप्रा नदी को प्रवाहमान एवं स्वच्छ बनाए रखने के लिए कान्ह डायवर्शन क्लोज डक्ट परियोजना, सेवरखेडी-सिलारखेडी मध्यम परियोजना शुरु की गई है। क्षिप्रा नदी के दोनों तट पर लगभग 29 किमी के नवीन घाटों के निर्माण का कार्य भी किया जा रहा है।
सिंहस्थ में सुगम आवागमन के लिए रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण, रोप-वे निर्माण एवं सदावल में हेलीपैड निर्माण कार्य प्रगति पर है। मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉपोरेशन द्वारा 8 परियोजनाओं के तहत कुल 283 किलोमीटर लंबाई के कुल 10,227 करोड़ राशि के मार्गों का निर्माण एवं चौड़ीकरण किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा 116 किमी. की 4 से 6 लेन 17 सड़कें, कुल 1302 करोड़ की लागत से बनाई जा रही हैं। सेतु विभाग द्वारा कुल 19 नए पुल, ₹498.44 करोड़ में बनाए जा रहे हैं।
सांस्कृतिक विकास में चीर दुर्गादास की जी का पुनर्विकास किया जा रहा है और लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से चीर भारत संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है। महाराजबाड़ा कॉम्प्लेक्स का संरक्षण कर हैरिटेज भवनों का जीर्णोद्धार कर धर्मशाला और फूड कोर्ट बनाये गये हैं और पर्यावरण संरक्षण हेतु 313 पेड़ लगाए गए हैं।
फार्मर रजिस्ट्री में 98.61% पंजीयन के साथ उज्जैन को प्रदेश में पांचवां स्थान मिला है। स्वामित्व योजना में 1090 ग्रामों का अंतिम प्रकाशन दिसंबर 2024 तक पूरा हुआ। जनकल्याण अभियान में 99.7% आवेदन स्वीकृत कर प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उज्जैन में (ग्रामीण) 38 हजार से अधिक ‘म्हारो घर’ स्वीकृत हुए। क्रियाशील ग्राम पंचायतों के माध्यम से सरकारी सेवाएं, विकास कार्य और डिजिटल सुविधाएं मजबूत हुई। लखपति दीदी योजना के अंतर्गत 14 हजार से अधिक दीदियों को लखपति बनाया गया है। कृषि, उद्यानिकी एवं मत्स्य विभागों की नवाचारपूर्ण गतिविधियों से ग्रामीण आजीविका और सतत विकास में वृद्धि हुई।
विक्रम उद्योगपुरी, मेडिकल डिवाइस पार्क, आईटी पार्क, ताजपुर औद्योगिक क्षेत्र और मक्सी फेज 2 सहित कई औद्योगिक उपक्रम विकसित किए गए है तथा विक्रम उद्योगपुरी फेज 2 का विस्तार और भूमि अधिग्रहण किसानों के हितों का ध्यान रखते हुए जारी है। अब भविष्य में उज्जैन को औद्योगिक नगरी के साथ साथ आईटी हब और मेडिकल डिवाइस सिटी के रूप में भी जाना जायेगा। उक्त योजनाएं जहाँ एक ओर जिले की आर्थिक समृद्धि का आधार बनेगी, वहीं दूसरी ओर लगभग 1 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार प्रदाय करेगी। जल आवर्धन योजना में नर्मदा गंभीर समूह पेयजल योजना, इंदौख समूह जल योजना प्रगतिरत हैं, साथ ही जिले में, जल जीवन मिशन के तहल 1 लाख 98 हजार 408 नलकनेक्शन दिए जा चुके हैं। मॉल परियोजना, 53 ODOP निर्माण के साथ श्रद्धालुओं के लिए फूड कोर्ट एवं मनोरंजन क्षेत्र का विकास किया जा रहा है। शहर में स्मार्ट पार्किंग सुविधा भी विकसित की जा रही है।
जिले में शिक्षा के क्षेत्र में कक्षा 10 का परीक्षा परिणाम 80% और कक्षा 12 का 73% रहा, जो पिछले वर्ष से क्रमशः 20% और 8% अधिक है। नेशनल अचीवमेंट सर्वे 2024 मैं कक्षा 3, 6 और 9 में प्रदेश स्तर पर क्रमशः चौथा, दूसरा और तीसरा स्थान मिला। राज्य साक्षरता मिशन के तहत उज्जैन जिला लगातार प्रथम स्थान पर है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत निरामयम योजना के अंतर्गत 11 लाख 62 हजार 588 कार्ड बन चुके हैं। 540 बिस्तर के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय का निर्माण 592 करोड़ की लागत से शुरू हो चुका है। माधवनगर अस्पताल 100 से 200 बिस्तर तक बढ़ाया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तराना का विस्तार 30 से 100 बिस्तर तक किया जा रहा है।
सामाजिक क्षेत्र में अटल पेंशन योजना में 191% उपलब्धि प्राप्त कर जिला प्रदेश में अग्रणी बना। ग्राम पंचायतों में क्लस्टर अनुश्रवण शिविर आयोजित कर ग्रामीण मांगों, सुझावों और शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया गया।
ये सभी उपलब्धियों और विकास कार्य उज्जैन को प्रगति के पथ पर अग्रसर कर रहे हैं। हमें विश्वास हैं और हम कटिबद्ध हैं कि हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री महोदय के नेतृत्व व मार्गदर्शन में हम सब उज्जैन को सिंहस्थ 2028 में एक विश्व स्तरीय धार्मिक ध्वजवाहक शहर के साथ-साथ एक आधुनिक शहर के रूप में प्रस्तुत करेंगे।
विकसित मध्यप्रदेश के सपने को साकार करने का मार्ग जिलों से ही गुजरता है। आइए संकल्प लें कि हमारा जिला विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की आधारशिला बनेगा। हमारा संयुक्त सामर्थ्य एवं योजनाबद्ध प्रयास मध्यप्रदेश की शक्ति और पूंजी है।
इस अवसर पर विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती शिवानी कुंवर, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, महापौर श्री मुकेश टटवाल, श्री संजय अग्रवाल,प्रभारी संभागायुक्त श्री रत्नाकर झा ,पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा ,नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा,सहित अन्य गणमान्य नागरिक,स्वतंत्रता संग्राम सैनानी, पत्रकारगण एवं प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन श्री शैलेन्द्र व्यास, श्रीमती पद्मजा रघुवंशी और श्रीमती अनामिका सोनी ने किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया गया। इसके पश्चात स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। अशासकीय एसकेबीएम स्कूल के बच्चों के द्वारा ‘’देश भक्ति गीत-अबके बरस तुझे धरती की रानी’’, शासकीय उमावि महाराजवाडा क्र.01 के बच्चों के द्वारा ‘’देश भक्ति गीत-आज दिल पर हाथ रख के ये कसम ले’’, शासकीय जालसेवा निकेतन उमावि के बच्चों के द्वारा-‘’देश भक्ति गीत-कर चले हम फिदा जानोतन’’,अशासकीय कादंबिनी चिल्ड्रन अकादमी के बच्चों के द्वारा-‘’देश भक्ति गीत -मेरा रंग दे बसंती चोला, और अशासकीय मदरलेंड स्कूल के बच्चों के द्वारा आपरेशन सिंदूर पर आकर्षक प्रस्तुती दी गई।
मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री सिंह के द्वारा कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया।
ये रहें विजेता
समारोह में प्रस्तुत परेड में 32 वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल प्रथम,जिला पुलिस बल द्वितीय एवं होमगार्ड प्लाटून तीसरे स्थान पर रहा। इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय जालसेवा निकेतन उमावि प्रथम, अशासकीय मदरलेंड इग्लीश स्कूल द्वितीय और शासकीय उमावि महाराजवाडा क्र.01 तृतीय स्थान पर रहा।