नवरात्रि पर्व पर महिला सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा बाइक रैली का आयोजन

उज्जैन,नवरात्रि महोत्सव के पावन अवसर पर उज्जैन पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज महिला पुलिस अधिकारियों एवं स्टाफ द्वारा भव्य बाइक रैली निकाली गई।
इस रैली में बड़ी संख्या में महिला पुलिस अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुईं। बाइक रैली का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक, उज्जैन द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य नवरात्रि पर्व पर शहर में माता पंडालों और धार्मिक स्थलों पर आने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सतर्कता एवं जागरूकता के प्रति मार्गदर्शन देना है।
विशेष रूप से इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक प्रमुख माता पंडाल पर दो महिला पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। ये अधिकारी श्रद्धालुओं को आवश्यक सुरक्षा मार्गदर्शन प्रदान करेंगी, महिलाओं और बच्चियों को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देंगी तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराएंगी।
*🔹मुख्य उद्देश्य:*
• नवरात्रि पर्व पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना।
• बालिकाओं एवं महिलाओं को आत्मरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना।
• समाज में महिला सुरक्षा को लेकर विश्वास और आत्मबल बढ़ाना।

*🔹उज्जैन पुलिस का संदेश:*
नवरात्रि के पावन अवसर पर जिला पुलिस सभी श्रद्धालुओं से अपील करती है कि वे महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें, असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को दें एवं त्योहार को शांति, श्रद्धा और सौहार्द्र के साथ मनाएं।