मुख्यमंत्री डॉ यादव ने लगभग 370 करोड़ रुपए की राशि के 11 कार्यों का भूमिपूजन किया

उज्जैन,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में दुनिया देखेगी उज्जैन सिंहस्थ 2028 का वैभव। आने वाले समय में उज्जैन के प्रमुख मंदिरों का विस्तारिकरण किया जाएगा, जिससे उज्‍जैन का वैभव और बढ़ेगा और अवंतिका सांस्कृतिक,धार्मिक, और पर्यटन की नगरी के रूप में वैश्विक स्तर पर स्थापित होगी। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि दुनिया सिंहस्थ 2028 में भारतीय संस्कृति का वैभव देखेगी। सिंहस्थ 2028 के लिए क्षिप्रा नदी पर लगभग 30 किलोमीटर लंबे सर्वसुविधायुक्त नवीन घाटों का निर्माण किया जा रह रहा है साथ ही पुराने घाटों का उन्नयन कर 24 घंटे में लगभग 5 करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान की व्यवस्था की जा रही है । क्षिप्रा नदी पर ब्रिजों की श्रृंखलाओं का निर्माण किया जा रहा है बहुत जल्द मेट्रो ट्रेन भी उज्जैन में आएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ के लिए साधु-संतों की इच्छानुसार सभी कार्य हो रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सिंहस्थ में क्राउड मैनेजमेंट साथ ही मध्यप्रदेश और उज्जैन की कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उक्त वक्तव्य मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस कंट्रोल रुम के पास नवीन संयुक्त प्रशासनिक भवन और 10 अन्य विकास कार्यों के भूमि पूजन कार्यक्रम में दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कृषकों के हित के लिए सरकार द्वारा भावांतर योजना लागू कर लगभग 35 लाख से अधिक किसानों को लाभ दिया जा रहा है। अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का सर्वें जल्द पूर्ण कर किसानों को मध्यप्रदेश सरकार द्वारा सम्पूर्ण सहायता प्रदान की जा रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सम्राट विक्रमादित्य की न्याय प्रियता का अनुसरण कर न्याय की देवी की आंखों पर बंधी पट्टी खोलकर निष्पक्ष न्याय के सिद्धांत को पुनर्स्थापित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नवीन संयुक्त प्रशासनिक भवन में सभी विभागों के जिला कार्यालय एक ही छत के नीचे रहेंगे। इसलिए नवीन कलेक्टर कार्यालय भवन का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर कार्यालय का नवीन भवन 07 मंजिला बनेगा। नवरात्रि पर मां हरसिद्धी और भगवान श्री महाकाल की कृपा से उज्जैन को लगभग 370 करोड़ रुपए की लागत राशि के 11 विकास कार्यों की सौगात दी जा रही है। उक्त कार्यों में क्षिप्रा नदी पर 77 करोड़ से अधिक की लागत से बनने वाले 4 नए पुलों की सौगात भी है। आने वाले दिनों में हमारी मोक्षदायिनी क्षिप्रा मैया पुलों वाली नदी भी कहलाएंगी। यह उज्जैन की काया पलटने वाले विकास कार्य हैं जो सिंहस्थ 2028 को दिव्य बनाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भूमि पूजन करने के बाद कार्यक्रम के प्रारंभ में नवरात्री के पावन अवसर पर कन्याओं का पूजन किया। तत्पश्चात मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक श्री सतीश मालवीय ने कहा कि उज्जैन की दिशा और दशा बदलने का काम निरंतर मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में हो रहा है। एक ही छत के निचे जिला अधिकारी नवीन प्रशासनिक भवन में आमजन की सेवा में अपना काम करेंगे यह प्रशंसनीय है। विधायक श्री अनिल जैन कालूहेडा ने कहा कि आने वाले सिंहस्थ 2028 में देश दुनिया के करोडों श्रद्धालुओं के स्नान के लिए क्षिप्रा नदी के दोनो तरफ घाटों का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के द्वारा क्षिप्रा नदी में कान्ह नदी का पानी न मिले इसके लिए कान्ह डायवर्जन योजना का कार्य निरंतर जारी है।

*मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवरात्री के पावन अवसर पर 369.11 करोड रुपए की लागत राशि के 11 निर्माणकार्यों का भूमिपूजन किया*

लगभग 135 करोड़ रुपये की लागत से उज्जैन में बन रहा संयुक्त प्रशासनिक भवन लोक-कल्याण और सुशासन का उदाहरण बनेगा। यह अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से युक्त होगा यह 7 मंजिला नवीन संयुक्त प्रशासनिक भवन 134.97 करोड़ रुपये की लागत से हर सुविधा में सुसज्जित होगा। कार्यक्रम में राजस्व विभाग के अधिकारी कर्मचारियों के लिए ई,एफ,जी,एच एवं आई टाईप के आवास गृह निर्माण 32.05 करोड़ की राशि के कार्यों का भूमि पूजन किया गया। लोकनिर्माण विभाग सेतू के द्वारा क्षिप्रा नदी पर कार्तिक चौक से शंकराचार्य चौराहा रोड (छोटा पुल) पुल के निर्माण के लिए 27.06 करोड़ ,लालपुल के डाउन स्ट्रीम में रेल्वे पुल के समानांतर क्षिप्रा नदी पर नवीन 4 लेन पुल निर्माण के लिए 17.69 करोड़, काल भैरव मंदिर से गढकालिका मार्ग ,(ओखलेश्वर) को जोडने वाले मोजूदा पुल के समानांतर क्षिप्रा नदी पर नवीन टू लेन पुल के निर्माण के लिए 13.96 करोड, एम.आर 24 इन्दौर मार्ग से चिंतामन रेल्वे स्‍टेशन मार्ग पर क्षिप्रा नदी पर नवीन 4 लेन पुल निर्माण के लिए 15.86 करोड के कार्यों का भूमि पूजन किया गया। लोकनिर्माण विभाग (पीआईयू) उज्जैन शहर की और आने वाले प्रमुख मार्गों पर शहर से 10 कि.मी. दुरी पर नवीन विश्राम गृह निर्माण कार्य (नरवर,चंदुखेडी,नजरपुर,ताजपुर,सोडंग एवं पंथपिपलई) 20.64 करोड, केंद्रीय जेल उज्जैन में आवास गृहों के निर्माण कार्यों के लिए 19.18 करोड़ ,100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल माधवनगर का 200 बिस्तरीय सिविल अस्पताल भवन में उन्नयन कार्य के लिए 24.08 करोड , मुरलीपुरा में 50 कक्षों के नवीन सर्किट हाउस निर्माण के लिए 49.10 करोड के कार्यों का भूमि पूजन किया गया। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा द्वारा पंचक्रोशी यात्रा मार्ग के 06 पड़ाव एवं उप पड़ाव पर सुविधा केंद्र निर्माण कार्य (डोम ,शौचालय एवं रसोईघर) के लिए 14.52 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन भी किया गया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री बालयोगी उमेशनाथ जी महाराज ,महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापती श्रीमती कलावती यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमला कुंवर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती शिवानी कुंवर ,श्री संजय अग्रवाल ,श्री रुप पमनानी, श्री जगदीश पांचाल, श्री ओम जैन तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।