मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उन्हेल में 133 करोड 80 लाख रुपए लागत के विकास कार्यों का भूमि पूजन लोकार्पण किया

उज्जैन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में किसान के साथ खड़ी है, आपदा ग्रस्त प्रत्येक किसान को मदद दी जाएंगी। विपत्ति में आए हर एक किसान को राहत राशि मिलेंगी। इसके लिए राज्य शासन द्वारा एक-एक खेत का सर्वे सुनिश्चित किया गया है। इसके साथ ही भावांतर योजना का लाभ भी दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को उज्जैन जिले के उन्हेल में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद श्री अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बाल योगी उमेश नाथ जी महाराज, विधायक श्री सतीश मालवीय, डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान, श्री जितेंद्र पंड्या, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर देवड़ा, उपाध्यक्ष शिवानी कुंवर, श्री राजेश धाकड़, श्री राजपाल सिंह सिसोदिया, श्री बहादुर सिंह बोर मुंडला, श्री किशन सिंह भटोल, श्री बहादुर सिंह चौहान, श्री राजकुमार जैन, श्री सुल्तान सिंह शेखावत, श्री शान्तिलाल हलकरा, श्री नवीन जैन, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा 133 करोड 80 लाख रुपए की लागत के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया गया। इनमें 127. 63 करोड रुपए लागत के 23 किलोमीटर से अधिक लंबाई के इंगोरिया से उन्हेल टू लेन मार्ग निर्माण का भूमि पूजन सम्मिलित है। साथ ही 1.26 करोड़ के नवीन नगर परिषद कार्यालय भवन निर्माण एवं 2.17 करोड़ के चिड़ी से रावदिया मार्ग निर्माण का भूमि पूजन तथा 2.74 करोड रुपए के करनावद विद्युत उपकेंद्र निर्माण का लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा उन्हेल क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई, जिनमें उन्हेल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन, रामगढ़ बिहारिया मार्ग पर नारायण धाम को जोड़ने हेतु पुल का निर्माण तथा उन्हेल में विश्रामगृह का निर्माण सम्मिलित है। उन्हेल में इमली तथा मावा उद्योग से जुड़े हुए व्यक्तियों एवं उनके व्यापार विकास के लिए भी कार्य किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में उन्हेल-इंगोरिया टू लेन मार्ग निर्माण के लिए नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हेल क्षेत्र का विकास लगातार किया जा रहा हैं। गंभीर नदी परियोजना का लाभ भी उन्हेल क्षेत्र के नागरिकों तथा किसानों को मिलेगा। राज्य शासन द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हित में भावांतर योजना लागू की गई है। किसानों को घर बैठे योजना का लाभ दिया जाएगा। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित फसलों के मामले में प्रभावित किसानों को राहत राशि दी जा रही है। जैसे-जैसे जिला कलेक्टरों से रिपोर्ट प्राप्त होती जा रही है, वहां के किसानों को राहत राशि का वितरण किया जा रहा है। किसानों को सम्मान निधि मिल रही है। बहनों को लाडली बहन योजना के तहत सहायता राशि दी जा रही है। यह राशि दीपावली के पूर्व उपलब्ध कराएंगे। गोपालन गौशाला योजना अंतर्गत 25 देसी गायों के पालन पर 40 लाख रुपए के प्रोजेक्ट में 10 लाख रुपए शासन देगा। प्रदेश में गोवर्धन जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के सराहनीय कार्य लगातार किए जा रहे हैं। प्रदेश में श्री कृष्ण पथ का विकास किया जा रहा है। ओरछा में आगामी 15 अक्टूबर को 100 करोड रुपए से ज्यादा लागत के कार्यों की शुरुआत की जा रही है। प्रदेश के चित्रकूट का भी विकास किया जा रहा है।

सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने संबोधन में कहा कि प्रदेश में किसान हितैषी मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा किसानों के हित में भावांतर योजना लागू की गई है, जिसका लाभ किसानों को मिलेगा। सरकार सदैव किसानों के साथ है। आपदा प्रभावित प्रत्येक किसान को शासन द्वारा मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ ही बीमा क्लेम भी दिलवाया जाएगा।

इसके पूर्व स्वागत उद्बोधन में विधायक श्री सतीश मालवीय ने कहा कि क्षेत्र को लगातार विकास की सौगात मिल रही है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। किसान हितैषी कार्यों के लिए क्षेत्रीय किसानों द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव को हल भेंट किया गया।