उज्जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर ( पश्चिम ) गुरुप्रसाद पाराशर उज्जैन के निर्देशन में तथा नगर पुलिस अधीक्षक माधवनगर दीपिका शिंदे के मार्गदर्शन में जिले में आर्थिक अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना नीलगंगा पुलिस द्वारा होम लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाली महिला आरोपीया को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
*🔹घटना का संक्षिप्त विवरण—*
दिनांक 18.07.2025 को थाना नीलगंगा पर फरियादिया सोनू सोलंकी निवासी ग्राम नरवर, जिला उज्जैन द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई । रिपोर्ट में बताया गया कि एस.एस.एफ.एस एडवाइजरी प्रायवेट लिमिटेड, विद्यापति नगर उज्जैन की संचालिका/प्रबंधक एवं उनके अभिकर्ताओं द्वारा फरियादिया को गृह (होम) लोन स्वीकृत कराने का झांसा दिया गया।
आरोपियों द्वारा विभिन्न तिथियों में फोन-पे के माध्यम से फरियादिया से कुल ₹45,250/- की राशि प्राप्त की गई। इसके अतिरिक्त फरियादिया व उसके पति से 16 ब्लैंक चेक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक दस्तावेज एवं अन्य पहचान पत्रों की प्रतियां भी ले ली गईं।
लोन स्वीकृत न होने पर जब फरियादिया ने अपनी राशि व दस्तावेज वापस मांगे तो आरोपियों द्वारा गाली-गलौज कर कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया एवं झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी गई। फरियादिया की रिपोर्ट पर प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी, धमकी एवं अवैध रूप से राशि व दस्तावेज प्राप्त करने का संज्ञेय अपराध पाया जाने से थाना नीलगंगा पर धारा 318(4), 316(5), 296, 351(3) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
*🔹पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही —*
प्रकरण आर्थिक धोखाधड़ी से संबंधित एवं गंभीर प्रकृति का होने से इसकी विवेचना उप निरीक्षक वर्षा सोलंकी, थाना नीलगंगा द्वारा की गई। विवेचना के दौरान फरियादिया से की गई धोखाधड़ी से संबंधित साक्ष्य संकलित किए गए तथा डिजिटल भुगतान के प्रमाण भी जुटाए गए।
आरोपी की गिरफ्तारी हेतु उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। अथक प्रयासों के फलस्वरूप थाना नीलगंगा पुलिस द्वारा आरोपी प्रीति दुबे उर्फ वैदिका दुबे को सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपीया के कब्जे से उसकी कंपनी एस.एस.एफ.एस एडवाइजरी से संबंधित दस्तावेज, फरियादिया से प्राप्त किए गए मूल कागजात एवं अन्य व्यक्तियों के भी महत्वपूर्ण दस्तावेज जप्त किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है।
*🔹न्यायालयीन कार्यवाही —*
गिरफ्तार आरोपीया को दिनांक 03.02.2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से पुलिस रिमांड (पीआर) प्राप्त कर आरोपीया से गहन पूछताछ की जा रही है। तथा प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी के संबंध में तथा अन्य पीड़ितों से भी धोखाधड़ी किए जाने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए विस्तृत विवेचना जारी है।
*🔹उज्जैन पुलिस की आमजन से अपील —*
होम लोन, पर्सनल लोन अथवा किसी भी प्रकार की वित्तीय सेवा के नाम पर किसी भी व्यक्ति/कंपनी को राशि या मूल दस्तावेज देने से पूर्व पूर्ण सत्यापन अवश्य करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।