महाशिवरात्रि महापर्व 2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों द्वारा निरीक्षण एवं भ्रमण किया

उज्जैन, महाशिवरात्रि महापर्व 2026 के अवसर पर ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर जी के दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं की अत्यधिक संख्या को दृष्टिगत रखते हुए दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाए जाने के उद्देश्य से संभागायुक्त उज्जैन श्री आशीष सिंह द्वारा आज श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर एवं श्री महाकाल महालोक के आंतरिक एवं बाह्य क्षेत्रों का विस्तृत भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान श्री आशीष सिंह ने दर्शन मार्ग, श्रद्धालुओं की आवाजाही, पार्किंग, जूता स्‍टेण्‍ड, पेयजल व्यवस्था , लड्डू प्रसाद, प्राथमिक चिकित्सा, सुरक्षा व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं तथा भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
साथ ही मंदिर परिसर एवं श्री महाकाल महालोक में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया गया तथा संबंधित निर्माण एजेंसियों को कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए, जिससे महाशिवरात्रि में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर कलेक्टर एवं समिति अध्यक्ष श्री रोशन कुमार सिंह, श्री प्रदीप शर्मा पुलिस अधीक्षक, मंदिर प्रशासक श्री प्रथम कौशिक, पुलिस उप महानिरीक्षक (डी.आई.जी.) श्री नवनीत भासिन, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी श्री अतेंद्र सिंह, उज्जैन विकास प्राधिकरण सी.ई.ओ. श्री संदीप सोनी, नगर पालिका निगम सी.ई.ओ. श्री अभिलाष मिश्रा, एडिशनल एस.पी. श्री आलोक शर्मा, एडिशनल एस.पी. श्री गुरु प्रसाद पाराशर सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं मंदिर अधिकारी आदि उपस्थित रहें।