हिट एंड रन मामले में देवासगेट पुलिस को सफलता — 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार इनोवा चालक को किया गिरफ्तार, वाहन जप्त

उज्जैन, दिनांक 03.02.2026 की रात्रि लगभग 10:15 बजे फ्रीगंज जीरो पॉइंट ब्रिज पर एक इनोवा कार क्रमांक MP13 BA 1990 के चालक द्वारा तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए एक्सेस स्कूटी को टक्कर मार दी गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार सूरज अग्निहोत्री उम्र 23 वर्ष की मौके पर मृत्यु हो गई, जबकि अंकित उर्फ कान्हा उम्र 18 वर्ष गंभीर रूप से घायल हुआ।

घटना के पश्चात आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। थाना देवासगेट पुलिस द्वारा प्रत्यक्षदर्शियों के कथन एवं जांच के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

*🔹पुलिस की त्वरित कार्यवाही एवं आरोपी की गिरफ्तारी –*

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (पश्चिम) गुरुप्रसाद पाराशर तथा नगर पुलिस अधीक्षक माधवनगर श्रीमती दीपिका शिंदे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी देवासगेट निरीक्षक अनिल पाराशर द्वारा एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

टीम द्वारा घटनास्थल से जुड़े समस्त मार्गों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान सुनिश्चित की गई। लगातार पतारसी के दौरान घटना में प्रयुक्त इनोवा वाहन को नानाखेड़ा क्षेत्र स्थित परिहार परिसर के पास जय महाकाल गैरेज के समीप संदिग्ध अवस्था में खड़ा पाया गया, जिसे तत्काल पुलिस द्वारा जप्त किया गया।

वाहन नंबर के आधार पर जांच करते हुए आरोपी चालक की पहचान *हर्षवर्धन सिंह सोलंकी उर्फ नानु उर्फ जय पिता संग्रामसिंह सोलंकी उम्र 22 वर्ष निवासी जाट मोहल्ला कमलापुर थाना कमलापुर जिला देवास, हाल निवासी महाशक्ति नगर नानाखेड़ा उज्जैन* के रूप में की गई।

उक्त आरोपी को थाना देवासगेट पुलिस द्वारा विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

*🔹उज्जैन पुलिस का संदेश –*

उज्जैन पुलिस आमजन से अपील करती है कि तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है बल्कि जानलेवा भी है। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें एवं सुरक्षित यातायात में सहयोग करें।