उज्जैन, केंद्रीय जेल के अधीक्षक ने जानकारी दी कि जेल में निरुद्ध बंदी झांगा उर्फ झांगू पिता बाबू, उम्र-37 वर्ष, निवासी बलडी़पाड़ा बदनावर को 08 फरवरी अचानक स्वास्थ्य खराब होने पर जेल चिकित्सक, केन्द्रीय जेल के परामर्श अनुसार बंदी को जेल वार्ड एवं जेल वाहन से सुबह 10:27 बजे जिला चिकित्सालय भेजा गया था। प्रहरी श्री अमित शर्मा द्वारा दूरभाष पर गेट कीपर श्री भोजराज रावत को बताया गया कि 08 फरवरी को बंदी झांगा उर्फ झांगू पिता बाबू की मृत्यु जिला चिकित्सालय में हो गई है।
बंदी की मृत्यु की सूचना जिला दंडाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, जेल मुख्यालय, भोपाल, मानव अधिकार आयोग भोपाल, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग दिल्ली एवं मृतक के परिजनों को दी गई। मृत्यु के संबंध में भैरवगढ़ थाने में मर्ग कायम कराया गया एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश उज्जैन से बंदी की मृत्यु के संबंध में न्यायिक जांच कराने के लिए निवेदन किया गया है। कानूनी जांच एवं शव विच्छेदन के पश्चात शव बंदी के परिजनों को सौंपा जाएगा।