उज्जैन, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई।*
उज्जैन तहसील के ग्राम कडछली में रहने वाले राजाराम ने आवेदन दिया कि गांव में एक महिला के द्वारा उन्हें और अन्य रहवासियों द्वारा ग्रामीण आबादी की ओर आवागमन के मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण कर लिया गया है। जिस वजह से उन्हें गांव में आने जाने में बहुत समस्या हो रही है। इस पर तहसीलदार उज्जैन ग्रामीण को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
नागदा के ग्राम निनावटखेडा निवासी जगदीश ने आवेदन दिया कि गांव में स्थित शासकीय मार्ग पर एक व्यक्ति के द्वारा मकान का निर्माण कर लिया गया है। जिस वजह से उन्हें और अन्य ग्रामवासियों को कृषि कार्य करने के लिए अपने-अपने खेतों से जाने में बहुत असुविधा हो रही है। अत: उक्त मार्ग को पुन: प्रारंभ करवाया जाए। इस पर एसडीएम नागदा को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
खाचरौद के ग्राम बरथून निवासी अशोक ने आवेदन दिया कि उनके द्वारा कुछ समय पूर्व कृषि भूमि क्रय की गई थी। परंतु आज दिनांक तक भूमि का नामांतरण नहीं किया गया है। इस पर एसडीएम खाचरौद को शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
उज्जैन निवासी श्यामाबाई ने आवेदन दिया कि वे गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करती है तथा उनके द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पूर्व में कई बार आवेदन किए जा चुके है परंतु उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पर नगर निगम उज्जैन के आवास योजना प्रभारी अधिकारी को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
उज्जैन निवासी मोहिनी बाई पति स्व. भागीरथ ने आवेदन दिया कि उनके स्वामित्व की कृषि भूमि का सीमांकन काफी समय बीत जाने के बावजूद नहीं किया गया है। इस पर तहसीलदार उज्जैन शहर को समय सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट, एडीएम श्री अतेंद्र सिंह गुर्जर एवं अन्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई।