इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना में तेज़ी

उज्जैन, पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में नई रेल लाइन, आमान परिवर्तन, दोहरीकरण, रोड ओवर ब्रिज, रोड अंडर ब्रिज तथा अन्य अधोसंरचनात्मक कार्य तीव्र गति से प्रगति पर हैं। इसी क्रम में लगभग 204 किलोमीटर लंबी इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

*परियोजना की वर्तमान प्रगति*

• दाहोद से कटवाड़ा तथा इंदौर से टीही तक रेल लाइन निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।

• टीही से धार तथा कटवाड़ा से झाबुआ के मध्य निर्माण कार्य प्रगति पर है। साथ ही धार से झाबुआ खंड पर भी कार्य जारी है।

• पिथमपुर के समीप लगभग 3 किमी लंबी टनल का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसमें फिनिशिंग, ट्रैक बिछाने एवं अन्य तकनीकी कार्य शामिल हैं।

• टीही–धार एवं कटवाड़ा–झाबुआ खंडों में ट्रैक लिंकिंग, ओएचई, स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म निर्माण तथा सिग्नलिंग कार्य प्रक्रियाधीन हैं।

*समय की बचत हेतु सड़क मार्ग से लाकर टीटीएम मशीन का उपयोग*

टीही के पास टनल निर्माण कार्य जारी होने के कारण समय की बचत और कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से टीटीएम (ट्रैक टेंपिंग मशीन) को सड़क मार्ग से पिथमपुर–धार खंड में लाकर सफलतापूर्वक रेलवे ट्रैक पर उतारा गया है।

दिनांक 16 फरवरी 2026 को क्रेन की सहायता से मशीन को रेलवे लाइन पर उतारा गया। शीघ्र ही नई डाली गई रेल लाइन पर पैकिंग कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इससे टनल कार्य पूर्ण होने तक पिथमपुर–धार खंड पर ट्रैक सुदृढ़ीकरण कार्य भी समानांतर रूप से पूरा कर लिया जाएगा।

टीटीएम मशीन द्वारा ट्रैक की पैकिंग से पटरियों की समतलता, स्थिरता एवं सुरक्षा सुनिश्चित होती है, जिससे सुरक्षित एवं सुगम रेल संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा।

*क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम*

इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन मध्यप्रदेश के धार एवं झाबुआ जिलों से होकर गुजरेगी, जहां वर्तमान में रेल संपर्क उपलब्ध नहीं है। यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास की जीवन रेखा सिद्ध होगी।
साथ ही इंदौर से मुंबई एवं दक्षिण भारत की दिशा में एक नया एवं अपेक्षाकृत छोटा रेल मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे यात्रियों एवं माल परिवहन दोनों को लाभ मिलेगा।

भारतीय रेल द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना को चरणबद्ध एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। पश्चिम रेलवे निर्माण विभाग इंदौर–धार खंड को शीघ्र प्रारंभ करने के लक्ष्य के साथ प्रतिबद्धता से कार्यरत है।