उज्जैन,स्वर्गीय आरक्षक मयंक गिरवाल का दिनांक 12.06.2025 को गंभीर बीमारी के कारण अल्पायु में ही असामयिक निधन हो गया था। वे अपने सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं समर्पित पुलिसकर्मी के रूप में जाने जाते थे। उनके आकस्मिक निधन से परिवार पर गहरा आघात पहुंचा, साथ ही आजीविका का संकट भी उत्पन्न हो गया।
परिवार की विषम परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए स्वर्गीय आरक्षक की पत्नी श्रीमती अर्चना गिरवाल द्वारा अपने 7 वर्षीय पुत्र वंश गिरवाल के लिए अनुकंपा नियुक्ति हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया था।
प्रकरण की संवेदनशीलता को समझते हुए पुलिस अधीक्षक उज्जैन, प्रदीप शर्मा द्वारा व्यक्तिगत रूप से संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित शाखाओं को निर्देशित किया गया।
दिनांक 22.04.2026 को स्वर्गीय आरक्षक का परिवार उज्जैन उपस्थित हुआ, जहां भर्ती प्रक्रिया से संबंधित समस्त आवश्यक औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराई गईं। प्रशासनिक व्यस्तताओं के बावजूद प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए शीघ्रता एवं पारदर्शिता के साथ सभी प्रक्रियाएं पूर्ण की गईं।
समस्त कार्यवाही पूर्ण होने उपरांत पुलिस अधीक्षक उज्जैन द्वारा बाल आरक्षक पद पर अनुकंपा नियुक्ति आदेश पर विधिवत हस्ताक्षर कर तत्काल नियुक्ति प्रदान की गई।