उज्जैन में निजी स्कूल संचालकों का जिला महासम्मेलन 3 मई को

उज्जैन, अशासकीय शाला प्रतिनिधि संगठन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला महासम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में उज्जैन जिले के समस्त निजी विद्यालय संचालकों एवं डायरेक्टर्स को आमंत्रित किया गया है।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आरटीई (RTE) से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करना है। प्रमुख बिंदुओं में आरटीई भुगतान समय पर सुनिश्चित करना, नोडल अधिकारी का समय पर निर्धारण तथा सत्यापन प्रक्रिया को त्वरित बनाना शामिल है।
इसके अलावा सत्र 2026–27 में पुस्तकों से संबंधित पालकों द्वारा विद्यालयों के विरुद्ध की जा रही शिकायतों के संदर्भ में रणनीति बनाई जाएगी। साथ ही, 5 वर्ष या उससे अधिक समय से संचालित विद्यालयों की स्थायी मान्यता हेतु भी कार्ययोजना पर विचार किया जाएगा।
नई शिक्षा नीति के अंतर्गत विद्यालयों के प्रभावी संचालन के विषय में भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।
यह जिला महासम्मेलन दिनांक 3 मई 2026 (रविवार) को प्रातः 11:00 बजे बैंकटेश (इस्कॉन) मंदिर, उज्जैन में आयोजित होगा।
अशासकीय शाला प्रतिनिधि संगठन के संस्था प्रधान सुरेंद्र मोहन अग्रवाल, विक्रम सिंह राठौर, मनीष भारद्वाज, अमित मेहता, महेंद्र पाटीदार, भारत सिंह चौधरी ने सभी निजी विद्यालय संचालकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है। यह जानकारी शहर जिला संयोजक महेंद्र कुमार पाटीदार ने दी!