उज्जैन,दिनांक 01.05.2026 को फरियादी राजेश मालवीय निवासी रतन एक्सटेंशन, उज्जैन द्वारा थाना चिमनगंज मंडी में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वे हाटकेश्वर कॉलोनी के पास ढाबा संचालित करते हैं। दिनांक 01.05.2026 को दोपहर करीब 03:30 बजे वे अपनी पत्नी एवं पुत्री के साथ पूजा हेतु भूखी माता मंदिर गए थे, जबकि उनका पुत्र घर पर अकेला था।
शाम करीब 07:00 बजे वापस लौटने पर फरियादी ने पाया कि घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है तथा उनका पुत्र घर पर मौजूद नहीं है। साथ ही अलमारी (लॉकर) का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नगद रुपए गायब पाए गए। उक्त रिपोर्ट पर थाना चिमनगंज मंडी में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध चोरी का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
*🔹पुलिस कार्यवाही एवं खुलासा*-
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी चिमनगंज मंडी निरीक्षक विवेक कनोडिया के नेतृत्व में टीम गठित कर घटना की सूक्ष्मता से जांच प्रारंभ की गई। घटना के समय घर पर केवल फरियादी का नाबालिग पुत्र ही मौजूद होने के कारण पुलिस द्वारा संदेह के आधार पर उससे पूछताछ की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में टालमटोल करने पर पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ की गई, जिस पर बाल अपचारी ने उक्त चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह गोवा घूमने जाने की योजना बना रहा था तथा इसके लिए पैसों की आवश्यकता होने के कारण उसने अपने ही घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। उक्त बाल अपचारी पूर्व में भी अपने घर में इस प्रकार की घटना को अंजाम दे चुका था परंतु माता-पिता के कहने पर पुलिस द्वारा केवल समझाइए देकर उसे छोड़ दिया गया था ।
*🔹 बरामदगी*-
पुलिस द्वारा बाल अपचारी के कब्जे से चोरी गई संपत्ति में से निम्न सामग्री विधिवत जप्त की गई—
▪️एक सोने का हार
▪️एक जोड़ी सोने के कान के बाले
▪️एक सोने की चेन
▪️एक लेडीज सोने की अंगूठी
▪️दो जोड़ी चांदी की पायल
▪️चांदी की बिछुड़ी
▪️बच्चे के चांदी के कड़े
▪️नगद ₹2,500/-
*🔹 आगे की कार्यवाही*-
प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर बाल अपचारी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
*🔹 पुलिस की अपील*
उज्जैन पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि वे अपने घरों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखें तथा बच्चों की गतिविधियों पर भी सतत निगरानी बनाए रखें, जिससे इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।