श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु हीट प्रूफ पाथ-वे का निर्माण

उज्जैन, श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान श्री महाकालेश्वर जी के दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्री रोशन कुमार सिंह एवं प्रशासक एवं अपर कलेक्टर श्री प्रथम कौशिक द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम मे ग्रीष्म ऋतु में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसी क्रम में मंदिर परिसर एवं श्री महाकाल महालोक में दर्शन पथ पर (लगभग 13 हजार स्क्वेयर फीट में ) हीट प्रूफ पाथ-वे (सोलर रिफ्लेक्टिव पेंट) का निर्माण कार्य किया जा रहा है। यह हीट प्रूफ पाथ-वे नीलकंठ से पंचमुखी हनुमान, मानसरोवर से होते हुए शंख द्वार एवं बड़ा गणेश मंदिर तक किया जा रहा है।
इस हीट प्रूफ पाथ-वे के निर्माण से तपती धूप में भी श्रद्धालुओं के पैर नहीं जलेंगे तथा वे बिना किसी असुविधा के सहजता से दर्शन पथ पर आवागमन कर सकेंगे। दर्शन हेतु प्रवेश एवं निर्गम मार्ग पर यह व्यवस्था विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी, जिससे श्रद्धालु गर्मी के बावजूद सुरक्षित एवं आरामदायक तरीके से भगवान श्री महाकालेश्वर जी के दर्शन कर सकेंगे।