उज्जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पश्चिम गुरुप्रसाद पाराशर के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक माधवनगर श्रीमती दीपिका शिंदे के मार्गदर्शन में जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आईटी सेल शाखा, उज्जैन द्वारा लगातार तकनीकी निगरानी, विश्लेषण एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। साइबर अपराधियों द्वारा उपयोग किए जा रहे डिजिटल माध्यमों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
*🔹तकनीकी विश्लेषण एवं विशेष कार्यवाही*-
इसी क्रम में आईटी सेल शाखा पुलिस टीम में उप निरीक्षक प्रतीक यादव व आरक्षक प्रिंस छाबड़ा एवं आरक्षक मयूर घुंघरवाल द्वारा आर्थिक साइबर धोखाधड़ी से संबंधित विभिन्न शिकायतों एवं तकनीकी इनपुट का गहन विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान ऐसे कई मोबाइल नंबरों एवं डिजिटल माध्यमों की पहचान की गई, जिनका उपयोग ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक भेजकर धोखाधड़ी एवं होटल बुकिंग के नाम पर आर्थिक अपराधों को अंजाम देने में किया जा रहा था।
*🔹55 मोबाइल नंबर बंद एवं 64 IMEI नंबर ब्लॉक*-
तकनीकी साक्ष्यों एवं आवश्यक समन्वय के आधार पर पुलिस टीम द्वारा कुल 55 मोबाइल नंबरों को बंद कराया गया, जो विभिन्न आर्थिक साइबर अपराधों में प्रयुक्त पाए गए थे। इसके अतिरिक्त अपराध में उपयोग किए जा रहे 64 मोबाइल IMEI नंबरों को भी ब्लॉक करवाया गया, जिससे संबंधित मोबाइल उपकरणों का पुनः किसी साइबर अपराध में उपयोग रोका जा सके।
*🔹होटल बुकिंग फ्रॉड करने वाली 04 फर्जी वेबसाइट बंद*-
जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि कुछ फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से होटल एवं धर्मशाला बुकिंग के नाम पर आम नागरिकों से अग्रिम भुगतान प्राप्त कर आर्थिक धोखाधड़ी की जा रही थी। उक्त वेबसाइटों को इस प्रकार तैयार किया गया था कि वे वास्तविक एवं अधिकृत वेबसाइट जैसी प्रतीत हों, जिससे आमजन आसानी से भ्रमित हो जाएं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उज्जैन पुलिस की आईटी सेल शाखा द्वारा त्वरित तकनीकी एवं वैधानिक कार्यवाही करते हुए ऐसी कुल 04 फर्जी वेबसाइटों को बंद करवाया गया।
*🔹आमजन से अपील*-
उज्जैन पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी होटल, धर्मशाला अथवा अन्य सेवा की ऑनलाइन बुकिंग करते समय केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय वेबसाइटों का ही उपयोग करें। किसी भी अज्ञात मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया विज्ञापन अथवा संदिग्ध लिंक पर भरोसा कर अग्रिम भुगतान न करें।
यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्यवाही की जा सके।
*🔹साइबर अपराधों के विरुद्ध सतत अभियान जारी*-
उज्जैन पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध इसी प्रकार सतत निगरानी, तकनीकी विश्लेषण एवं प्रभावी कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि आमजन को सुरक्षित साइबर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।