लापता नाबालिग बालिका को राजगढ़ जिले के ब्यावरा से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंपा गया, आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन,थाना चिमनगंज मंडी, उज्जैन पर दिनांक 27.04.2026 को फरियादी द्वारा उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी नाबालिग पुत्री दिनांक 27.04.2026 को लगभग शाम 04:00 बजे यह कहकर घर से निकली थी कि उसे इंदा नगर कोचिंग में बुलाया गया है। इसके पश्चात वह घर वापस नहीं लौटी।

फरियादी द्वारा अपनी पुत्री की काफी तलाश की गई, किन्तु कोई पता नहीं चला। मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर फोन बंद मिला। परिजनों को आशंका हुई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया है। उक्त रिपोर्ट पर थाना चिमनगंज मंडी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

*🔹पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही*-

प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना प्रभारी चिमनगंज मंडी निरीक्षक विवेक कनोडिया द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। मामले में नाबालिग बालिका की शीघ्र एवं सुरक्षित दस्तयाबी हेतु विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

गठित पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र एवं सतत प्रयासों के आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुए उक्त नाबालिग बालिका को जिला राजगढ़ के ब्यावरा क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब किया गया।

दस्तयाबी के दौरान आरोपी *मनोहर शर्मा पिता मोहन शर्मा, उम्र 21 वर्ष, निवासी अमरगढ़ खंडिया, जिला राजगढ़* के कब्जे से बालिका को सुरक्षित बरामद किया गया।

*🔹आरोपी के विरुद्ध कार्यवाही*-

दस्तयाबी उपरांत नाबालिग बालिका के कथनों के आधार पर प्रकरण में भारतीय दंड संहिता एवं पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की सुसंगत धाराएँ बढ़ाई गईं।

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया है।

*🔹सराहनीय भूमिका*-

थाना प्रभारी चिमनगंज मंडी निरीक्षक विवेक कनोडिया , सहायक उप निरीक्षक सूर्य प्रकाश तलवैया वह थाना चिमनगंज मंडी पुलिस टीम की मुख्य भूमिका रही ।

*🔹पुलिस की अपील*-

जिला पुलिस आमजन से अपील करती है कि बच्चों की सुरक्षा एवं गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।