चौड़ीकरण कार्यवाही में लापरवाही सामने आने पर सहायक आयुक्त सहित सहायक यंत्री एवं उपयंत्री का वेतन काटने के आयुक्त ने दिये निर्देश

उज्जैन, सिंहस्थ महापर्व के अंतर्गत शहर में प्रचलित चौड़ीकरण कार्यों का निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा द्वारा प्रतिदिन निरीक्षण किया जाकर कार्य स्थल पर प्रतिदिन किये जा रहे कार्यो की समीक्षा की जा रही है।

निगम आयुक्त श्री मिश्रा द्वारा सोमवार को रात्रिकालीन शिफ्ट में कोयला फाटक से कंठाल चौराहा एवं सतीगेट मार्ग से छत्री चौक चौड़ीकरण मार्गों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान टाटा प्राइवेट लिमिटेड द्वारा डाली गई सीवर लाइन के चैम्बर खुली अवस्था में पाये जाने, चैंबरों से पानी ओवर फ्लो होकर सड़क पर फैला पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई साथ की बार बार दिए गए निर्देश के बाद भी कंठाल चौराह के समीप क्षतिग्रस्त दीवार नहीं हटाए जाने पर सहायक आयुक्त का 7 दिवस एवं सहायक यंत्री तथा उपयंत्री का 1 माह का वेतन काटे जाने हेतु निर्देशित किया गया।
आयुक्त द्वारा मार्ग में तुड़ाई के उपरांत ठेकेदार द्वारा तत्काल मलवा नहीं उठाये जाने पर संबंधित ठेकेदार पर पेनल्टी लगाए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
निगम आयुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छत्रीचौक चौराहे की मार्किंग की जाकर नोटिस जारी करे ताकि यह भी शीघ्र कार्य आरम्भ किया जाए।

आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर की जनता द्वारा चौड़ीकरण कार्यवाही में निगम प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान किया जारहा है उनके द्वारा अपने भवनों को स्वयं तोड़ जा रहा ताकि चौड़ीकरण कार्यवाही समय से पूर्ण हो सके हमारा भी कर्तव्य बनता है कि हम हमारे कार्य को पूर्ण समर्पण एवं निष्ठा के साथ करें। समस्त चौड़ीकरण मार्गों में जो गाइडलाइन तथा समयसीमा तय की गई है उसमें पूर्ण गुणवत्ता के साथ कार्यों को पूर्ण करना है। कही भी कार्य में यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो तत्काल संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी, अतः संबंधित अधिकारी बैठक एवं निरीक्षण के दौरान दिए जा रहे निर्देशों को ध्यान से सुने तथा उनका पालन करें।

इसके साथ ही आयुक्त द्वारा गोपाल मंदिर रीगल टॉकीज विकास कार्य योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का अवलोकन किया गया ।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त श्री घनश्याम मचार, सहायक यंत्री डी एस परिहार उपयंत्री राजेंद्र रावत भवन अधिकारी राजकुमार राठौर, साहिल मेदावाला एवं सम्बन्धित कार्य के ठेकेदार मौजूद रहे।