कलेक्‍टर श्री सिंह द्वारा विभिन्‍न मामलों में जनसुनवाई की गई

उज्जैन, मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा विभिन्‍न मामलों में जनसुनवाई की गई।

घट्टिया विकासखंड के गांव नजरपुर निवासी 70 वर्षीय सायर बाई ने आवेदन देकर शिकायत की कि उनके परिवार में 04 बेटे है। उनमें से 03 बेटों ने प्रार्थियां और उसके सबसे छोटे बेटे को घर से बेदखल कर दिया है तथा उनके स्‍वामित्‍व की जमीन पर भी अनाधिकृत रूप से कब्‍जा कर लिया है। प्रार्थियां आर्थिक रूप से कमजोर होकर निशक्‍त भी है। अत: उन्‍हें उनके स्‍वामित्‍व की जमीन पर कब्‍जा दिलवाया जाए। इस पर कलेक्‍टर श्री सिंह ने एसडीएम घट्टिया को भरण पोषण अधिनियम के तहत प्रार्थियां को सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्‍व रिकार्ड का निरीक्षण कर उनकी भूमि के संबंध में आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

उज्‍जैन निवासी दीपि‍का बैरागी ने कहा कि उनके घर के सामने कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्‍जा कर लिया गया है तथा उनके साथ अभद्र व्‍यवहार किया जा रहा है। इस पर नगर निगम के जोनल अधिकारी को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

तराना के ग्राम कायथा के समस्‍त ग्राम वासियों ने आवेदन दिया कि गांव में स्थित कई वर्ष पुराने खेतों पर आवागमन के मार्ग को कुछ लोगों द्वारा बलपूर्वक बंद कर दिया गया है। जिसके कारण ग्रामवासियों को कृषि कार्य करने में बहुत समस्‍या आ रही है तथा उनकी फसल का भी बहुत नुकसान हो रहा है। इस पर एसडीएम तराना को मामले की जांच कर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

महिदपुर रोड़ निवासी शंकरलाल ने आवेदन दिया की गांव में उनके स्‍वामित्‍व की कृषि भूमि को उन्‍होंने एक व्‍यक्ति के पास रुपयों की आवश्यकता होने के कारण गिरवी रखा था। उनके द्वारा समय पर कर्ज चुकाने के बावजूद अनावेदक द्वारा उनकी भूमि पर से कब्‍जा नहीं छोड़ा गया है। इस पर तहसीलदार महिदपुर को मामले की जांच कर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांस कूमट, एडीएम श्री अत्‍येन्‍द्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्‍टर श्री शाश्‍वत शर्मा एवं अन्‍य संबंधित अधिकारियों द्वारा 160 मामलों में जनसुनवाई की गई।