राहवीर योजना एवं सी.पी.आर. प्रशिक्षण से सड़क दुर्घटना में घायल युवक की समय पर हुई मदद

उज्जैन, उज्जैन पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं दुर्घटना के दौरान घायलों को गोल्डन ऑवर में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने हेतु जिले के चिन्हित कुल 20 ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों पर लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पूर्व में जिले के विभिन्न दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर राहवीर योजना, सी.पी.आर. प्रशिक्षण, फर्स्ट एड एवं सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सुरक्षित सहायता संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये गये थे।

*▪️खरसौदखुर्द ब्लैक स्पॉट पर दिया गया प्रशिक्षण*-

उक्त अभियान के अंतर्गत उज्जैन-बदनावर रोड स्थित ग्राम खरसौदखुर्द ब्लैक स्पॉट क्षेत्र पर भी स्थानीय दुकानदारों, व्यवसायियों एवं रहवासियों को सड़क दुर्घटना के समय घायल व्यक्ति की सहायता करने, प्राथमिक उपचार देने, समय पर अस्पताल पहुँचाने तथा शासन की राहवीर योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई थी।

आज दिनांक 25.05.2026 को खरसौदखुर्द ब्लैक स्पॉट क्षेत्र पर एक मोटरसाइकिल चालक दुर्घटनाग्रस्त होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल के समीप स्थित दुकानदार श्री बालकृष्ण भाटी द्वारा उज्जैन पुलिस द्वारा पूर्व में दी गई ट्रेनिंग का उपयोग करते हुए तत्परता दिखाई गई। उन्होंने पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई फर्स्ट एड किट का सही उपयोग करते हुए घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार प्रदान किया तथा प्रशिक्षण में बताए अनुसार घायल की स्थिति को सुरक्षित रखते हुए उसकी हर संभव सहायता की।

इसके साथ ही घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर शीघ्र अस्पताल पहुँचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई, जिससे घायल को समय पर उपचार प्राप्त हो सका।

*▪️प्रशिक्षण के दौरान दी गई महत्वपूर्ण जानकारी*-

उज्जैन पुलिस द्वारा पूर्व में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में आमजन को यह समझाया गया था कि सड़क दुर्घटना होने पर घबराएँ नहीं, तत्काल 112 डायल कर पुलिस को सूचना दें, घायल व्यक्ति की स्थिति के अनुसार सुरक्षित सहायता करें तथा आवश्यकता पड़ने पर निजी वाहन से भी अस्पताल पहुँचाने में सहयोग करें। साथ ही यह भी बताया गया था कि घायल व्यक्ति की मदद करने वाले व्यक्ति को किसी प्रकार की कानूनी परेशानी नहीं होगी।

*▪️पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया सम्मान-*

घटना के उपरांत श्री बालकृष्ण भाटी पुलिस अधीक्षक कार्यालय उज्जैन उपस्थित हुए, जहाँ पुलिस अधीक्षक उज्जैन द्वारा उनके सराहनीय एवं मानवतापूर्ण कार्य हेतु उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान उन्हें प्रशंसा स्वरूप प्रमाण पत्र एवं एक अन्य फर्स्ट एड किट प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार आमजन की सहायता हेतु तत्पर रहने के लिए बधाई दी गई।

*▪️राहवीर योजना की जानकारी*-

प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान आमजन को माननीय मुख्यमंत्री महोदय मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित “राहवीर योजना” के संबंध में भी जानकारी दी गई थी, जिसके अंतर्गत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुँचाने वाले नागरिक को भारत सरकार द्वारा ₹25,000/- तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।

उज्जैन पुलिस द्वारा ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों पर आमजन को सी.पी.आर., प्राथमिक उपचार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन से घायल को सुरक्षित निकालने, कैशलेस उपचार योजना एवं सोलेशियम फंड संबंधी जानकारी भी लगातार दी जा रही है।

उक्त घटना यह दर्शाती है कि पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का सकारात्मक प्रभाव समाज में दिखाई दे रहा है तथा आमजन अब सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता हेतु आगे आ रहे हैं।

*🔹उज्जैन पुलिस आमजन से अपील करती है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में मानवीय संवेदनाओं के साथ आगे आएँ, घायल व्यक्तियों की यथासंभव सहायता करें एवं समय पर अस्पताल पहुँचाकर एक अमूल्य जीवन बचाने में सहभागी बनें।