उज्जैन, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने संभागीय उड़नदस्ता दल गठित किया गया है। संभागीय उड़न दस्ता द्वारा वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशानुसार उज्जैन संभाग के जिलों में निगरानी एवं निरीक्षण कार्यवाही कर ज्यूस, शीतल पेय, मिठाईयाँ, लड्डू आदि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के उद्देश्य से उक्त खाद्य पदार्थों के नमूनें संग्रहित कर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे जाने के निर्देश दिये गये है।
इसी क्रम में संभागीय उड़न दस्ते द्वारा 29 मई को उज्जैन शहर में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूना कार्यवाही की गई। टीम द्वारा श्री महाकाल मंदिर के आसपास के क्षेत्र में निरीक्षण दौरान होटल हरसिद्धि रेस्टोरेंट, चारधाम मंदिर पार्किंग के समीप से दही, पनीर, लस्सी एवं जलेबी के नमूनें संग्रहित किये गये तथा निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों अनियमितताओं जैसे – पर्याप्त सफाई की कमी, उचित रखरखाव की कमी, पर्सनल हाईजीन व खुली खाद्य सामग्री रखने आदि पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के अंतर्गत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया।
इसके बाद टीम द्वारा सुरेश उपहार ग्रह एवं रेस्टोरेंट हरसिद्धि मंदिर के पास से दही, घी, लस्सी एवं सब्जी ग्रेवी के नमूनें संग्रहित किये गये तथा यहाँ पर भी उपरोक्तानुसार कमियाँ पाये जाने पर धारा 32 के अंतर्गत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया। इसी प्रकार संभागीय टीम द्वारा गुदरी चैराहा स्थित सतयुग रेस्टोेरेंट का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य सामग्रियों जैसे – गुलाब जामुन, बेसनमगज के लड्डू, बूंदी के लड्डू, मावा बर्फी, पिस्ता कसाटा मिठाई के नमूनें संग्रहित किये गये।
उपरोक्त सभी नमूनें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गये, जिनमें जांच रिपोर्ट उपरांत अधिनियम अंतर्गत नियमानुसार कार्यवाही की जावेगी। संभागीय उड़न दस्ता में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री बी.एस.जामोद, श्री सुरेन्द्र ठाकुर, श्री बसंतदत्त शर्मा एवं श्री बी.एस.देवलिया तथा नमूना सहायक श्री प्रदीप लकड़े शामिल थे।