फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनाकर करोड़ों की संपत्ति हड़पने के मामले में ₹10,000 के इनामी आरोपी को किया गिरफ्तार

उज्जैन, दिनांक 18.10.2025 को फरियादी मोहन नागर द्वारा थाना नानाखेड़ा पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी बहन स्व. सत्यभामा नागर के स्वामित्व वाले प्लॉट क्रमांक ए-28/16, एम.आई.जी. वेदनगर उज्जैन को हड़पने के उद्देश्य से आरोपी कैलाश गोगदे द्वारा कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी तरीके से रजिस्टर्ड पावर ऑफ अटॉर्नी निष्पादित करवाई गई।

प्रकरण की जांच के दौरान उप पंजीयक कार्यालय से प्राप्त दस्तावेज, आधार कार्ड विवरण एवं अंगूठा चिन्ह परीक्षण रिपोर्ट का परीक्षण किया गया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि पावर ऑफ अटॉर्नी में प्रयुक्त आधार नंबर एवं अंगूठा निशान स्व. सत्यभामा नागर के नहीं थे।

जांच में पाया गया कि आरोपी द्वारा किसी अन्य महिला को स्व. सत्यभामा नागर के रूप में प्रस्तुत कर धोखाधड़ीपूर्वक फर्जी दस्तावेज तैयार कराए गए तथा उक्त संपत्ति पर अवैध अधिकार प्राप्त करने का प्रयास किया गया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपीगण के विरुद्ध धोखाधड़ी, कूटरचना एवं फर्जी दस्तावेजों के उपयोग संबंधी धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

*🔹पुलिस कार्यवाही -*

उक्त प्रकरण में मुख्य आरोपी कैलाश गोगदे को पुलिस द्वारा पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका था। विवेचना के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी इमरान अल्लक निवासी सरवन मस्जिद के पास, बेगमबाग कॉलोनी, महाकाल उज्जैन द्वारा फर्जी आधार कार्ड बनवाने में मुख्य आरोपी का सहयोग किया गया था। आरोपी द्वारा दिल्ली जाकर फर्जी आधार कार्ड तैयार करवाने में सक्रिय भूमिका निभाई गई थी।

घटना दिनांक से आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक उज्जैन द्वारा ₹10,000/- का इनाम घोषित किया गया था।

उज्जैन क्राइम एवं थाना नानाखेड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संयुक्त कार्यवाही करते हुए फरार आरोपी इमरान अल्लक को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई। आरोपी से प्रकरण के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में भी जांच जारी है।

*🔹सराहनीय भूमिका -*

क्राइम टीम – आर राहुल राव , आर इंद्र विक्रम , नानाखेड़ा टीम – निरी नरेंद्र यादव , उनि सुरेश कलेश व नानाखेड़ा पुलिस टीम