महाकाल मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों को श्रावण माह के पहले पूर्ण किया जाए-कलेक्टर श्री सिंह

उज्जैन, विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सिंहस्थ महापर्व को दृष्टिगत रखते हुए विभिन्न निर्माण कार्य प्रगतिरत है। रविवार शाम को कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने निर्माणाधीन कार्यों का मौके पर पहुंचकर जायजा लेते हुए कार्य प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ तेज गति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि एक माह बाद ही श्रावण महीना प्रारंभ होगा। श्रावण माह के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं को को सहज और सुविधा पूर्वक दर्शन कराना हमारी प्राथमिकता रहेगी।
श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य प्रगतिरत है। रविवार शाम को कलेक्टर श्री सिंह ने महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित की गई दर्शन व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान बड़ा गणेश मंदिर के समीप निर्माणाधीन फैसेलिटी सेंटर-3 के कार्य का निरीक्षण किया गया। मौके पर उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ श्री संदीप सोनी ने कार्य प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि फैसेलिटी सेंटर में श्रद्धालुओं को टायलेट, जूता स्टैंड की सुविधा के साथ यहीं से मंदिर में प्रवेश के लिए इंट्री दी जाएगी। कलेक्टर श्री सिंह ने फैसेलिटी सेंटर का कार्य तेज गति से करते हुए श्रावण महीने के पहले तैयार करने के साथ ही वेटिंग हॉल में वेंटिलेशन, पंखें व आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति के प्रशासक श्री प्रथम कौशिक, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, यूडीए सीईओ श्री संदीप सोनी, स्मार्ट सिटी सीईओ श्री संदीप शिवा व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री सिंह ने बड़ा गणेश मंदिर मार्ग पर निर्माणाधीन रिर्टनिंग वॉल निर्माण की स्थिति देख निर्देश दिए कि कार्य की गति बढ़ाकर शीघ्र कार्य पूर्ण किया जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने सम्राट विक्रमादित्य हेरिटेज होटल की ओर जाने वाले मार्ग के लिए रास्ता तैयार करने के लिए भी निर्देश दिए। इसके बाद महाराजवाड़ा के सामने से प्राचीन महाकाल प्रवेश द्वार के समीप निर्माणाधीन कार्य का निरीक्षण कर निर्देश दिए कि महाकाल के प्राचीन द्वार से पैदल श्रद्धालुओं के आने-जाने का मार्ग और समीप से वाहनों को लाने का मार्ग निर्धारित कर सुविधा दी जाएगी।

मंदिर परिसर में निरीक्षण कर श्रद्धालुओं से चर्चा की

कलेक्टर श्री सिंह ने महाकाल मंदिर के बाहरी परिसर में निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के बाद मंदिर के अंदर निर्माणाधीन कार्यों को देखा। यहां पर श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित की गई दर्शन व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने संध्या आरती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से चर्चा कर श्रद्धालुओं द्वारा टिकट प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने श्रद्धालुओं से पूछा कि टिकट राशि के अलावा अन्य किसी प्रकार की राशि की मांग किसी के द्वारा तो नही की गई। श्रद्धालुओं ने मंदिर की व्यवस्था पर संतोष जताया।
कलेक्टर श्री सिंह ने श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन व्यवस्था का अवलोकन किया इस दौरान संध्या आरती में शामिल हुए। साथ ही सुरक्षा प्रभारी को सुरक्षा के इंतज़ाम करने और बिजली के तारों को खुला नही रखने के निर्देश दिए।