उज्जैन, प्रशासक एवं अपर कलेक्टर श्री प्रथम कौशिक द्वारा आज मध्य रात्रि औचक निरीक्षण करते हुए प्रातःकालीन भस्म आरती व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के क्रम में सर्वप्रथम नीलकंठ द्वार से प्रवेश कर मानसरोवर मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं की भस्म आरती हेतु जारी अनुमति की जांच की गई एवं श्रद्धालुओं से भस्म आरती व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया गया।
इसी क्रम में गेट क्रमांक 1 से प्रवेश कर रहे भस्म आरती में सम्मिलित होने वाले श्रद्धालुओं की अनुमति की भी जांच की गई। जांच के दौरान तीन श्रद्धालुओं द्वारा भस्म आरती अनुमति के नाम पर अतिरिक्त राशि वसूले जाने की शिकायत की गई। शिकायतकर्ताओं द्वारा बताया गया कि उनसे ₹2500 प्रति व्यक्ति लेकर अनुमति बनवाई गई थी। मामले में रात्रि 1:30 बजे महाकाल थाना में शिकायत दर्ज की गई है, जिस पर महाकाल थाना द्वारा एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासक श्री महाकालेश्वर द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधाओं के बेहतर संचालन एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए। साथ ही भस्म आरती हेतु नीलकंठ प्रवेश द्वार को एकमात्र प्रवेश द्वार बनाए जाने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
श्रद्धालुओं से अपील है कि भस्म आरती हेतु केवल अधिकृत माध्यमों से ही अनुमति प्राप्त करें, निर्धारित शुल्क से अधिक राशि का भुगतान न करें तथा किसी भी प्रकार के बिचौलियों से सावधान रहें।