नाबालिग पीड़िता से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार

उज्जैन, उज्जैन जिले में महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में थाना उन्हेल पुलिस द्वारा नाबालिग पीड़िता से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर प्रभावी कार्रवाई की गई।

🔹 *घटना का विवरण*-
दिनांक 08.06.2026 को एक नाबालिग पीड़िता अपने परिजनों के साथ थाना उन्हेल उपस्थित हुई तथा रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी देवा पिता राजेश निवासी लाडूखेड़ा रात्रि में घर की कुंडी खोलकर अंदर घुस आया। आरोपी द्वारा पीड़िता पर जबरन शादी करने का दबाव बनाया गया। पीड़िता द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने बुरी नियत से उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की।

घटना के दौरान पीड़िता की बहन मौके पर पहुंची, जिसे देखकर आरोपी ने दोनों बहनों को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।

पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना उन्हेल में अपराध क्रमांक 224/2026 अंतर्गत धारा 74, 75(2), 331(6), 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

🔹 *पुलिस कार्यवाही*-
प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना प्रभारी द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई। सतत प्रयासों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर फरार आरोपी देवा निवासी लाडूखेड़ा को दिनांक 10.06.2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है।

🏆 *सराहनीय भूमिका*-
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक संतोष चौहान, प्रधान आरक्षक 352 रमेश्वर पटेल, आरक्षक 1660 विक्रम, आरक्षक 1928 पवन निगम एवं थाना उन्हेल पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।