उज्जैन,सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियों एवं शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से सोमवार को महापौर श्री मुकेश टटवाल स्वयं नगर निगम के रिमूवल वाहन से माइक लेकर बाजारों में पहुंचे और अतिक्रमण हटाने के लिए मुनादी की। महापौर ने व्यापारियों से अपील की, कि वे दुकानों के बाहर रखा सामान तत्काल हटाकर अपनी निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यापार करें*
*महापौर ने कंठाल चौराहा, नई सड़क, एटलस चौराहा, फव्वारा चौक एवं इंदौर गेट क्षेत्र में मुनादी करते हुए कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों पर चौड़ीकरण कार्य प्रगति पर है, जिससे अन्य मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में सड़क पर रखा व्यापारिक सामान आमजन और वाहनों की आवाजाही में बाधा बन रहा है*
*महापौर ने व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दुकानों के बाहर रखा सामान नहीं हटाया गया तो नगर निगम द्वारा जब्ती की कार्यवाही भी की जाएगी साथ ही जब्त किए गए सामान को वापस नहीं किया जाएगा*
*महापौर श्री टटवाल ने कहा कि जिस प्रकार शहर के जागरूक नागरिक सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियों के लिए मार्ग चौड़ीकरण कार्य में सहयोग करते हुए अपने भवनों को स्वेच्छा से हटाव कर रहे हैं, उसी प्रकार व्यापारियों की भी जिम्मेदारी है कि वे अपनी दुकान की सीमा के भीतर रहकर ही व्यापार करें। इससे यातायात सुचारु रहेगा, नागरिकों को सुविधा मिलेगी और शहर अधिक व्यवस्थित एवं सुंदर दिखाई देगा*
*इस दौरान एमआईसी सदस्य श्री प्रकाश शर्मा, श्री सत्यनारायण चौहान तथा सहायक आयुक्त श्री राघवेंद्र सिंह पालिया सहित नगर निगम का अतिक्रमण रिमूवल अमला उपस्थित रहा!