उज्जैन, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने रविवार को नियमित निरीक्षण के तहत सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत कंठाल चौराहा से सतीगेट होकर छत्री चौक और ढाबारोड़ से सत्यनारायण मंदिर तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य और देवास रोड़ पर गीता भवन निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी कार्य समय सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।
कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने नियमित निरीक्षण के तहत कंठाल चौराहा से पैदल भ्रमण करते हुए छत्रीचौक, कमरी मार्ग चौराहा, ढाबारोड़ से श्री सत्यनारायण मंदिर तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य का अवलोकन किया। कलेक्टर श्री सिंह ने मौके पर निर्देश दिए कि भगवान महाकाल की पहली सवारी निकलने के पहले रामघाट मार्ग और ढाबारोड़ चौड़ीकरण कार्य पूर्ण कर मार्ग क्लियर किया जाए। कमरी मार्ग चौराहा पर चौराहे का विस्तार कर फिनिशिंग का कार्य पूर्ण करा लें। दिन- रात टीम लगाकर भगवान महाकाल की पहली सवारी 3 अगस्त को निकलने के पहले यह मार्ग पूरी तरह तैयार किया जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने सतीगेट मार्ग चौड़ीकरण कार्य में भी गति बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि भगवान महाकाल की सितंबर माह में अंतिम राजसी सवारी के नगर भ्रमण पर निकलने के पहले कंठाल से गोपाल मंदिर तक का पूरा मार्ग क्लियर कर तैयार करा लिया जाए।
कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने गीता भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और शेष कार्यों को 29 जुलाई से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मौजूद इंजीनियरों ने कार्य प्रगति की जानकारी दी। कलेक्टर श्री सिंह ने गीता भवन के मुख्य प्रवेश द्वार पर पत्थर लगाने, मंच निर्माण, ऑडिटोरियम में कुर्सियां स्थापित करने तथा भवन के सभी फिनिशिंग कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि लगभग 5.1 हेक्टेयर क्षेत्र में निर्मित गीता भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। यहां 1250 लोगों की क्षमता वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम, ग्रीन रूम, मल्टीपरपस हॉल, प्रशासनिक कक्ष तथा चार अतिरिक्त कक्षों का निर्माण किया गया है। यह भवन धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।