उज्जैन, गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय महर्षि संदीपनी गुरु पर्व समारोह की तैयारियों के तहत कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने गीता भवन का निरीक्षण कर निर्माण एवं व्यवस्थाओं की प्रगति का जायजा लिया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर यह राज्य स्तरीय समारोह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में गीता भवन, उज्जैन में आयोजित होगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा शेष सभी कार्य 29 जुलाई से पूर्व हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने गीता भवन के मुख्य प्रवेश द्वार पर पत्थर लगाने, मंच निर्माण, ऑडिटोरियम में कुर्सियों की स्थापना तथा भवन के समस्त फिनिशिंग कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बैठक व्यवस्था, अतिथियों को पूर्व सूचना, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, आवश्यक बैरिकेडिंग, सुरक्षा एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि लगभग 5.1 हेक्टेयर क्षेत्र में निर्मित गीता भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। यहां 1250 लोगों की क्षमता वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम, ग्रीन रूम, मल्टीपरपज़ हॉल, प्रशासनिक कक्ष तथा चार अतिरिक्त कक्ष निर्मित किए गए हैं। यह भवन धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने माधव साइंस कॉलेज परिसर में लगभग ₹5.5 करोड़ की लागत से निर्मित नवीन बहुउद्देशीय संकुल भवन का भी निरीक्षण किया। इस भवन का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को यहां भी सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा आयोजन को गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचालय श्री श्रेयांस कूमट , नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा,सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो.अर्पण भारद्वाज, उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक श्री एच अनिजवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।