उज्जैन,बाबा महाकाल की सवारी को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से निकालने के लिए नगर निगम द्वारा किए जा रहे सवारी मार्ग के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य का महत्वपूर्ण चरण लगभग पूर्ण कर लिया गया है। नगर निगम की टीम ने सवारी से पूर्व दिन-रात कार्य करते हुए सत्यनारायण मंदिर से ढाबा रोड, कमरी मार्ग होते हुए छत्री चौक पानी की टंकी तक लगभग 430 मीटर लंबे और 15 मीटर चौड़े मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया है। आज सोमवार को निकलने वाली बाबा महाकाल की सवारी इसी नवनिर्मित एवं चौड़े मार्ग से होकर गुजरेगी*
*माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के निर्देशानुसार सिंहस्थ महापर्व 2028 को दृष्टिगत रखते हुए राज्य शासन से प्राप्त राशि के माध्यम से नगर निगम उज्जैन शहर के प्रमुख आंतरिक मार्गों के चौड़ीकरण एवं विकास का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में बाबा महाकाल की सवारी के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य को प्राथमिकता से लिया गया*
*122 से अधिक भवन हुए प्रभावित, नागरिकों ने स्वयं आगे आकर दिया सहयोग*
*प्रस्तावित चौड़ीकरण मार्ग में दोनों ओर 122 से अधिक मकान प्रभावित हो रहे थे। सवारी मार्ग एवं शहर के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के नागरिकों ने नगर निगम का सहयोग किया और अपने चिन्हित भवनों को स्वयं हटाने में सहभागिता निभाई। नागरिकों के इस सहयोग से मार्ग चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य को गति मिली और नगर निगम द्वारा निर्धारित समय में कार्य गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने में सफल रहा*
*निगम आयुक्त के निर्देश पर दिन-रात चला निर्माण कार्य*
*नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा के निर्देशानुसार सवारी मार्ग पर निर्माण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के कार्यों को युद्धस्तर पर किया गया। अधिकारियों एवं निर्माण कार्य से जुड़े अमले द्वारा लगातार स्थल पर निगरानी रखते हुए दिन-रात कार्य कराया गया, ताकि बाबा महाकाल की सवारी से पूर्व मार्ग को पूरी तरह तैयार किया जा सके, नगर निगम द्वारा मार्ग निर्माण के साथ-साथ सवारी मार्ग की सफाई, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है*
*सवारी मार्ग के चौड़ीकरण से श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ*
*नवनिर्मित मार्ग के चौड़ा होने से बाबा महाकाल की सवारी के दौरान श्रद्धालुओं एवं सवारी में शामिल वाहनों/व्यवस्थाओं के आवागमन में सुविधा होगी। मार्ग की चौड़ाई बढ़ने से भीड़ के बेहतर प्रबंधन में भी सहायता मिलेगी। साथ ही सिंहस्थ महापर्व 2028 सहित शहर में आयोजित होने वाले बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान भी यह मार्ग महत्वपूर्ण साबित होगा*
*नगर निगम द्वारा किए गए इस कार्य से सवारी मार्ग का स्वरूप भी बेहतर हुआ है। सोमवार को बाबा महाकाल की सवारी जब नगर भ्रमण पर निकलेगी, तो श्रद्धालु नवनिर्मित मार्ग से बाबा महाकाल की भव्य सवारी के दर्शन कर सकेंगे*
*सवारी मार्ग पर दिन-रात कार्य एवं सतत मॉनिटरिंग के लिए निगम आयुक्त ने अधिकारियों की सराहना की*
*निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा द्वारा सवारी मार्ग पर दिन-रात निरंतर कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जुटे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस तत्परता, गंभीरता और समन्वय के साथ सवारी मार्ग पर कार्य किया जा रहा है, उसी कार्यशैली को शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी अपनाते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर एवं व्यवस्थित किया जाए। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर नियमित मॉनिटरिंग करते हुए साफ-सफाई, सड़क, प्रकाश, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाएं*