बाबा महाकाल की सवारी के बाद तत्काल सफाई कर नगर निगम के सफाई मित्रों ने दिया स्वच्छता का संदेश

उज्जैन,बाबा महाकाल की सवारी जहां आस्था और भक्ति का संदेश लेकर निकली, वहीं सवारी के निकलने के तत्काल बाद नगर निगम के सफाई मित्रों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्वच्छता का संदेश भी दिया। सोमवार को बाबा महाकाल की सवारी महाकालेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः महाकालेश्वर मंदिर पहुंची। संपूर्ण सवारी मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे तथा विभिन्न स्वागत मंचों से बाबा महाकाल की सवारी का भव्य स्वागत किया गया*
*नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा के निर्देशानुसार नगर निगम के 70 से अधिक सफाई मित्रों, 3 स्वच्छता निरीक्षकों, 3 स्वास्थ्य अधिकारियों सहित सहायक आयुक्त, स्वास्थ्य उपायुक्त एवं अन्य कर्मचारियों की टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए संपूर्ण सवारी मार्ग पर सफाई कार्य प्रारंभ किया, सफाई मित्रों द्वारा मार्ग पर फैले कचरे एवं अन्य अपशिष्ट को तत्काल एकत्रित कर मार्ग को स्वच्छ एवं व्यवस्थित किया गया*
*सफाई मित्रों की तत्परता का परिणाम यह रहा कि जहां कुछ समय पूर्व हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ और भव्य सवारी का दृश्य था, वहीं सवारी के तुरंत बाद मार्ग स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आने लगा। नगर निगम की टीम द्वारा तत्काल की गई सफाई से आवागमन भी सुचारू रूप से संचालित हुआ।नगर निगम के सफाई मित्रों द्वारा सवारी निकलने के बाद बिना समय गंवाए सफाई कार्य में जुटने को देखकर स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने भी नगर निगम की इस पहल की सराहना की। नागरिकों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की भव्यता के साथ स्वच्छता बनाए रखना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है*
*नगर निगम द्वारा सवारी के दौरान श्रद्धालुओं से भी अपील की गई कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें, निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालें और “स्वच्छ उज्जैन–स्वस्थ उज्जैन” के संकल्प में सहभागी बनें, बाबा महाकाल की सवारी के बाद सफाई मित्रों की तत्काल सफाई कार्यवाही ने यह संदेश दिया कि आस्था के साथ स्वच्छता भी हमारी जिम्मेदारी है!