उज्जैन, श्रावण-भादौ मास 2026 के अंतर्गत भगवान श्री महाकालेश्वर मंदिर में निर्धारित व्यवस्था के अनुसार विभिन्न कांवड़ समितियों द्वारा भगवान श्री महाकालेश्वर का जलाभिषेक एवं जल अर्पण किया गया। मंदिर प्रबंध समिति द्वारा पूर्व निर्धारित समयानुसार सभी कांवड़ यात्रियों के सुगम प्रवेश, दर्शन एवं जल अर्पण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
इस अवसर पर बड़ौदा कांवड़ संघ के तथा कांवड़ यात्रा शिवपुरा खेड़ा, तहसील सांवेर सहित विभिन्न कांवड़ समितियों के श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ भगवान श्री महाकालेश्वर को सभा मंडप स्थित जलपात्र के माध्यम जल अर्पित किया।
कांवड़ समितियों के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रवेश, जल अर्पण, दर्शन, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पेयजल, मार्गदर्शन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ अत्यंत सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु-अनुकूल रहीं, जिससे सभी कांवड़ यात्रियों को बिना किसी असुविधा के भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन एवं जल अर्पण का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
श्रावण-भादौ मास के दौरान अत्यधिक संख्या में कावड़ यात्रियों का आगमन होना निर्धारित रहता है। उक्त आगंतुक कावड़ यात्रियों की जल अर्पण की व्यवस्था के लिए सप्ताह में 04 दिवस मंगलवार, बुधवार, गुरूवार, शुक्रवार की गई है। कावड़ यात्री दल को द्वार नंबर 01 एवं हरसिद्धि – चौराहा स्थित विशेष दर्शन मार्ग से प्रवेश दिया जावेगा।
