प्याज के कट्टों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 2 क्विंटल 34 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त

उज्जैन, उज्जैन पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रक कटिंग जैसी आपराधिक घटनाओं की रोकथाम हेतु लगातार प्रभावी गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना नागझिरी पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।

*🔹घटना का संक्षिप्त विवरण एवं पुलिस कार्यवाही –*

दिनांक 05.08.2026 को थाना नागझिरी पुलिस टीम थाना मोबाइल वाहन से लालपुर-गरोठ हाईवे क्षेत्र में रोड पेट्रोलिंग एवं ट्रक कटिंग की घटनाओं की रोकथाम हेतु गश्त पर थे।

गश्त से वापस लौटते समय धतरावदा से लालपुर मार्ग पर एक्सटेंशन लाइट के पास गरोठ हाईवे से अक्षत स्कूल के बीच एक सफेद रंग की महिन्द्रा बोलेरो मैक्स पिकअप सड़क से नीचे उतरकर नाले में दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में फंसी हुई दिखाई दी। पुलिस दल द्वारा मौके पर पहुंचकर वाहन की जांच की गई तो वाहन के पीछे नंबर प्लेट नहीं थी, जबकि आगे पंजीयन क्रमांक PB11DN-2621 अंकित पाया गया। वाहन का अगला शीशा क्षतिग्रस्त था तथा पीछे तिरपाल से सामान ढंका हुआ था।

▪️तिरपाल हटाकर निरीक्षण करने पर वाहन में प्याज के कट्टे भरे हुए मिले। संदेह होने पर प्याज के कट्टों को हटाकर गहन तलाशी लेने पर उनके नीचे पीले रंग के प्लास्टिक के बोरे छिपाकर रखे हुए मिले। एक बोरे की जांच करने पर उसमें मादक पदार्थ डोडाचूरा भरा होना पाया गया।

घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई , तथा वाहन की पूर्ण तलाशी के दौरान प्याज के कट्टों के नीचे छिपाकर रखे गए *कुल 08 प्लास्टिक के बोरे* बरामद हुए, जिनमें भरा पदार्थ परीक्षण एवं अनुभव के आधार पर मादक पदार्थ डोडाचूरा पाया गया। सभी आठ बोरों का वजन कराया गया, जिनमें कुल 2 क्विंटल 34 किलोग्राम डोडाचूरा होना पाया गया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई।

मौके से बरामद डोडाचूरा एवं परिवहन में प्रयुक्त महिन्द्रा बोलेरो मैक्स पिकअप (पंजीयन क्रमांक PB11DN-2621) जिसकी अनुमानित कीमत सहित कुल मशरूका लगभग 12 लाख रुपये का है, को विधिवत जप्त किया गया।

🔹इस संबंध में महिन्द्रा बोलेरो मैक्स पिकअप के अज्ञात चालक के विरुद्ध अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

उज्जैन पुलिस द्वारा प्रकरण में मादक पदार्थ के स्रोत, परिवहन नेटवर्क तथा इसमें संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश एवं संपूर्ण तस्करी गिरोह का पता लगाने हेतु विस्तृत अनुसंधान किया जा रहा है।