राशन वितरण में अनियमितता, शासकीय उचित मूल्य दुकान निलंबित

उज्जैन,शासकीय उचित मूल्य दुकान रामवासा के राशन वितरण में अनियमितता,ई-केवाईसी प्रक्रिया में लापरवाही तथा राशन हितग्राहियों से दुर्व्यवहार की शिकायत पर खाद्य विभाग की अधिकारियों श्रीमती रश्मि खंबेटे एवं श्री चंद्रशेखर बारोड द्वारा गहन जांच कर प्रकरण अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व न्यायालय में समस्त पक्षों की सुनवाई के पश्चात सरस्वती स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान रामवासा की विक्रेता कविता सोलंकी पति संजय, निवासी मताना खुर्द को दोषी पाया गया।

न्यायालय द्वारा गत दिवस को उक्त राशन दुकान को निलंबित कर दिया गया तथा विक्रेता की ₹5,000 प्रतिभूति राशि राजसात कर ली गई।

दुकान निलंबन के उपरांत जनहित एवं हितग्राहियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए रामवासा क्षेत्र के समस्त राशन हितग्राहियों को आलमपुर उड़ाना की शासकीय उचित मूल्य दुकान से संलग्न कर दिया गया है, ताकि नियमित राशन वितरण सुनिश्चित हो सके।

उक्त जानकारी उज्जैन जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री दीपक चौधरी के द्वारा दी गई।