उज्जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पश्चिम श्री गुरु प्रसाद पाराशर एवं नगर पुलिस अधीक्षक माधव नगर श्रीमती दीपिका शिंदे के निर्देशन में जिले में अवैध हथियार रखने वाले बदमाशों एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा पूर्व आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
*🔹घटना का संक्षिप्त विवरण–*
इसी क्रम में थाना नीलगंगा पुलिस को दिनांक 11.08.2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि वाकणकर ब्रिज के आगे एक व्यक्ति अपने पास खटकेदार चाकू रखकर घूम रहा है।
वाकणकर ब्रिज के पास मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का व्यक्ति दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को घेराबंदी कर उक्त व्यक्ति को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक खटकेदार चाकू बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम *गणेश पिता नारायण माली, बागवान उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम जैथल, थाना घट्टिया, जिला उज्जैन* बताया। चाकू रखने के संबंध में वैध लाइसेंस पूछने पर आरोपी द्वारा लाइसेंस होना नहीं बताया गया।
आरोपी के कब्जे से बरामद बिना लाइसेंस के चाकू को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध प्रथम दृष्टया धारा 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
*🔹विशेष पूछताछ में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी का खुलासा*-
आर्म्स एक्ट के प्रकरण में आरोपी गणेश माली को गिरफ्तार कर थाना लाने के उपरांत पुलिस द्वारा उससे घटना एवं उसकी पूर्व गतिविधियों के संबंध में विशेष पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा थाना नीलगंगा क्षेत्र में हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए उक्त ट्रॉली को चोरी करना स्वीकार किया गया।
फरियादी द्वारा थाना नीलगंगा पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 07.08.2026 को उसकी ग्रे कलर की ट्रॉली, जिस पर लाल-सफेद रंग के पट्टे बने हुए हैं, को उसके सांवराखेड़ी स्थित खेत पर खड़ा किया गया था। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे खेत पर पहुंचने पर ट्रॉली अपने स्थान से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद ट्रॉली का पता नहीं चलने पर फरियादी द्वारा थाना नीलगंगा पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
आरोपी से उक्त चोरी की घटना के संबंध में पूछताछ करने पर उसके द्वारा घटना दिनांक को उक्त ट्रॉली चोरी करना स्वीकार किया गया, जिसके संबंध में प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा चोरी गई ट्रॉली की बरामदगी हेतु पुलिस द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।
*🔹आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला*-
पुलिस द्वारा आरोपी गणेश माली का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड चेक किया गया, जिसमें थाना नीलगंगा उज्जैन पर उसके विरुद्ध पूर्व के 02 आपराधिक रिकॉर्ड होना पाया गया। आरोपी की पूर्व आपराधिक प्रवृत्ति एवं वर्तमान अपराध में संलिप्तता को दृष्टिगत रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई।
थाना नीलगंगा पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई करते हुए अब ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के प्रकरण में भी उसकी भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है। आरोपी से चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है तथा चोरी गई संपत्ति की बरामदगी एवं अन्य संभावित वारदातों के संबंध में विवेचना जारी है।
*🔹उज्जैन पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वाले एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी एवं सतत कार्रवाई जारी है।*